शाहजहांपुर : खाद्य सुरक्षा विभाग ने की छापामार कार्रवाई, 1300 बोरों में रखी लगभग 386 क्विंटल दाल सीज
जिया खेल में एक ही परिसर में चल रही थीं दो फर्में 32 लाख 87 हजार रुपए की दाल बरामद
शाहजहांपुर, अमृत विचार : नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक परिसर में छापेमारी कर बेसन और दाल के भारी 550 बोरे पकड़े। इनके अलावा पैकिंग करने के लिए पैकिंग मशीन और लगभग 200 खाली बोल भी बरामद हुए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली स्थित एक प्रतिष्ठित बेसन बनाने वाली कंपनी ने शाहजहांपुर के मोहल्ला जिया खेल में विकास अग्रवाल और विवेक अग्रवाल द्वारा उनके ब्रांड की डुप्लीकेसी किए जाने की शिकायत की थी।
इसी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मोहल्ला जिया खेल स्थित एक ही परिसर में संचालित दो फार्मों मैसर्स आरव उद्योग एवं मैसेज श्री कृष्णा इंडस्ट्रीज पर छापामार कार्रवाई की गई। जिसमें मौके पर मैसर्स आरव उद्योग पर शिकायतकर्ता फर्म के ब्रांड के बेसन व दाल के भारी 550 बोरे मिले और पैकिंग करने के लिए पैकिंग मशीन और लगभग 200 खाली बोरे भी बरामद हुए। जबकि मैसर्स श्री कृष्णा इंडस्ट्रीज व मैसर्स आरव उद्योग पर विभिन्न ब्रांडों के बेसन व दाल की मात्रा लगभग 3500 कुंतल भंडारित पाई गई।
जिसमें से बेसन और विभिन्न दालों के कुल सात नमूने लिए गए और लगभग 1300 बोरों में रखी लगभग 386 कुंतल दाल को सीज कर खाद्य कारोबार कर्ता की अभिरक्षा में दिया गया। जिसकी कुल कीमत 32 लाख 87 हजार है। उन्होंने बताया कि संबंधित फर्म से जांच के लिए कार्रवाई की जा रही है और दिल्ली की फर्म द्वारा कॉपीराइट एक्ट के तहत प्राथमिक विद्यालय दर्ज कराई जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त ग्रेड 2 विनोद कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम में मुख्य सुरक्षा अधिकारी, सुभाष तिवारी, अजीत सिंह, मनोज कुमार, सौरभ सोनी, मानवेंद्र कुमार, वरुण कुमार, विनय यादव, विवेक कुमार आदि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही नगर मजिस्ट्रेट ने मौके पर ही मंडी समिति और जीएसटी विभाग की टीमों को बुलाकर भी कार्रवाई कराई। मौके पर सीओ सिटी के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली के साथ स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा।
