गाजियाबाद हादसा: तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से दो सगी बहनों की मौत, फुफेरा भाई गंभीर
गाजियाबाद, अमृत विचार। वेव सिटी थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि उनका फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के कट के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटते चले गए।
रिश्तेदारी से लौट रहे थे तीनों
हापुड़ के नई मंडी मुरादपुर, कोतवाली देहात क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय आंशिका और उसकी 14 वर्षीय बहन परी अपने फुफेरे भाई अजय के साथ बाइक से जा रही थीं। अजय दिल्ली के नजफगढ़ का रहने वाला है। रास्ते में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के कट के पास पीछे से आए कंटेनर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में आंशिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परी और अजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। तीनों को तुरंत डासना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आंशिका को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में परी को हापुड़ के रामा अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। अजय का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
दो जिलों में हुआ पोस्टमार्टम
पुलिस के अनुसार, आंशिका का शव पोस्टमार्टम के लिए गाजियाबाद भेजा गया, जबकि परी का पोस्टमार्टम हापुड़ में कराया जा रहा है। वहीं दो बेटियों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीसीटीवी से मिली अहम जानकारी
एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि हादसे के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। शुरुआती जांच में हादसे में शामिल कंटेनर की पहचान कर ली गई है। चालक घटना के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- Ghaziabad News: गाजियाबाद में मोहर्रम जुलूस के दौरान 22 वर्षीय आफताब की चाकू मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात
