Ghaziabad News: गाजियाबाद में मोहर्रम जुलूस के दौरान 22 वर्षीय आफताब की चाकू मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

गाजियाबाद, अमृत विचार। यूपी के गाजियाबाद के अंकुर विहार थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय आफताब की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मंगलवार रात करीब 11 बजे वह अपने दोस्त फैज के साथ विजय विहार कॉलोनी में निकल रहे मोहर्रम के जुलूस में गया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और विवाद के बाद उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुरानी रंजिश बनी वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब छह महीने पहले गिल्ली-डंडा खेलने के दौरान आफताब का नदीम नाम के युवक से विवाद हो गया था। उस समय दोनों के बीच मारपीट हुई थी और आफताब द्वारा थप्पड़ मारने के बाद नदीम ने जान से मारने की धमकी दी थी। परिवार और दोस्तों का कहना है कि इसी रंजिश के कारण वारदात को अंजाम दिया गया।

दोस्तों के कहने पर गया

आफताब ट्रोनिका सिटी के जीवन गेट इलाके का रहने वाला था और ऑटो चलाकर परिवार का खर्च चलाता था। उसकी मां जरीना के मुताबिक, वह घर पर दोस्त फैज के साथ ताजिया तैयार कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के पप्पी और साहिल उसे जुलूस में शामिल होने के लिए बुलाने आए। पहले उसने जाने से मना कर दिया, लेकिन दावत का हवाला देने पर वह उनके साथ विजय विहार चला गया।

पीछे से किया हमला

आफताब के दोस्त फैज ने बताया कि जुलूस के दौरान माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए वह ढोल बंद कराने चला गया था। तभी पप्पी और साहिल घबराए हुए उसके पास पहुंचे और बताया कि आफताब पर हमला हो गया है। जब वह मौके पर पहुंचा तो कुछ युवक भागते दिखाई दिए। आरोप है कि अंडरपास के पास पहले से मौजूद 8-9 लोगों ने आफताब को घेर लिया था और बातचीत के दौरान पीछे से नदीम ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

अस्पताल में मौत हुई

हमले में आफताब के सीने और पेट पर कई वार किए गए। आसपास मौजूद लोग उसे तुरंत दिल्ली के जग प्रवेश चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

आरोपियों की तलाश जारी

अंकुर विहार के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश हत्या की वजह सामने आई है। जिन युवकों पर वारदात का आरोप है, वे घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द सभी आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।

ये भी पढ़ें:- योगी सरकार की ‘ब्लू डॉट्स AI’ पहल शुरू: वॉयस कॉल और मोबाइल मैप से युवाओं को मिलेगी अपने आसपास नौकरी

संबंधित समाचार