अयोध्या के लता मंगेशकर चौराहे से राम मंदिर तक लगेगी कैनोपी, धूप-बारिश से राहत; लेफ्ट फ्री जोन पर भी चर्चा
अयोध्या, अमृत विचार। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मंगलवार को जिला व्यापार बन्धु की बैठक में व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, यातायात व्यवस्था और जनसुविधाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। दिशा-निर्देश दिया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में नाका बाईपास, देवकाली बाईपास एवं अन्य प्रमुख स्थानों को लेफ्ट फ्री जोन घोषित किए जाने को लेकर बताया गया कि गठित समिति से सुझाव प्रस्तुत कर दिए गए हैं। शीघ्र ही उनका क्रियान्वयन प्रारम्भ कर दिया जाएगा।
लता मंगेशकर चौराहे से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक रामपथ के दोनों ओर फुटपाथ पर कैनोपी लगाए जाने के प्रस्ताव पर डीएम ने बताया कि इस संबंध में तीर्थ विकास परिषद की बैठक में निर्णय लिया जा चुका है। इस महत्वपूर्ण पहल का व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। प्रसन्नता व्यक्त की।
बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला महामंत्री ने मकबरा से फतेहगंज मार्ग के नवीनीकरण कार्य के पूर्ण होने पर डीएम का आभार जताया। डीएम ने बैठक में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि व्यापारियों एवं आमजन से प्राप्त शिकायतों और सुझावों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विशु राजा, अपर नगर आयुक्त नगर निगम नागेन्द्र कुमार, उपायुक्त (प्रशासन)/संयोजक जिला व्यापार बन्धु, राज्य कर विभाग के अधिकारी सहित व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
उद्योग बंधु की बैठक में नाला निर्माण पर चर्चा
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जिला स्तरीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक भी की। बैठक में जिले के औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन तथा उद्यमियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। निर्देश दिया। औद्योगिक आस्थान गद्दौपुर में नाला निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निर्देश दिया कि नाला निर्माण के कार्य में प्रगति लाई जाए। बैठक में उद्यमियों से उठाई गई विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान बैंक गारंटी अवमुक्त कराने, यूपीसीडा से संबंधित सेल्फ प्रोजेक्ट, दाखिल-खारिज की समस्याएं, विद्युत आपूर्ति एवं विद्युत विभाग से संबंधित प्रकरणों सहित हरिपुर जलालाबाद इंडस्ट्रियल एरिया (साइट-1) के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़ें :
तूफान के पहले की खामोशी, राम मंदिर व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन होने के आसार
