Auraiya News: औरैया में अग्निवीर एयरफोर्स में चयनित रामजी की सड़क हादसे में मौत, ट्रेनिंग पर जाने से पहले टूटा परिवार

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

औरैया, अमृत विचार। यूपी के औरैया जिले में अग्निवीर एयरफोर्स में चयनित 20 वर्षीय रामजी की ट्रेनिंग पर रवाना होने से कुछ घंटे पहले ही सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार सुबह वह अपने पिता श्याम सिंह और बहन कुसमा देवी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अछल्दा-फफूंद मार्ग पर अमेला बंबा के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रामजी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।

बाइक को मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिता और बहन सड़क किनारे जा गिरे, जबकि रामजी बाइक समेत काफी दूर तक घिसटते चले गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा भेजा, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

बहन को लेकर गए थे

फफूंद थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी रामजी अपने पिता और बहन के साथ अछल्दा क्षेत्र के छकुंद गांव गए थे। परिजनों के अनुसार, बहन कुसमा की तबीयत खराब थी, इसलिए उसे झाड़-फूंक कराने ले जाया गया था। बुधवार सुबह करीब छह बजे तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

एक महीने पहले हुआ चयन

परिवार ने बताया कि करीब एक महीने पहले रामजी का अग्निवीर एयरफोर्स में चयन हुआ था। उनकी ट्रेनिंग 27 जून से बेंगलुरु में शुरू होनी थी। बुधवार शाम को उन्हें ग्वालियर से ट्रेन पकड़कर बेंगलुरु रवाना होना था। घर में उनकी ज्वाइनिंग की तैयारियां चल रही थीं और परिवार बेटे की सफलता से बेहद खुश था, लेकिन कुछ ही घंटों में यह खुशी मातम में बदल गई।

परिवार पर टूटा दुख

रामजी के पिता श्याम सिंह पाता प्लांट में मजदूरी करते हैं। परिवार में मां सारिका देवी, तीन बहनें और एक छोटा भाई है। बेटे के एयरफोर्स में चयन से पूरा परिवार उत्साहित था। हादसे के बाद मां सारिका देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि परिवार रामजी के सुनहरे भविष्य के सपने देख रहा था, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ छीन लिया।

चालक की तलाश जारी

थाना प्रभारी सुरेश चंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें:- Ghaziabad News: गाजियाबाद में मोहर्रम जुलूस के दौरान 22 वर्षीय आफताब की चाकू मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात

संबंधित समाचार