कानपुर डीएम ने पीएचसी अहिरवां का किया निरीक्षण, अनुपस्थित मिले फार्मासिस्ट
कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) अहिरवां का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान एक फार्मासिस्ट के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. बृजभान सिंह यादव ने जिलाधिकारी को स्वास्थ्य केंद्र पर संचालित सेवाओं एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र पर आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं तथा पैथोलॉजी सेवाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।
निरीक्षण के समय फार्मासिस्ट योगेश सिंह अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन काटने तथा स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। वहीं तीन एएनएम भी मौके पर उपस्थित नहीं मिलीं। पूछताछ करने पर बताया गया कि वे क्षेत्र में टीकाकरण अभियान के तहत फील्ड ड्यूटी पर गई हैं।
जिलाधिकारी ने मोबाइल फोन के माध्यम से उनसे वार्ता कर उनकी लोकेशन एवं टीकाकरण संबंधी गतिविधियों की पुष्टि की। डीएम सिंह ने स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराने आए मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर दवा उपलब्धता, जांच सुविधाओं तथा उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। मरीजों ने स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी मरीज को उपचार अथवा जांच के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं समेत सभी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
