Haldwani News: SIR में धीमी प्रगति पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जताई नाराजगी, डिजिटलाइजेशन तेज करने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

राज्य अतिथि गृह हल्द्वानी में आयोजित समीक्षा बैठक में डॉ. जोगदण्डे ने विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी, भीमताल, हल्द्वानी और नैनीताल में डिजिटलाइजेशन की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर नाराजगी जताई।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने शनिवार को नैनीताल जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए गणना फार्मों के डिजिटलाइजेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कम प्रगति वाले बूथों पर विशेष ध्यान देने, अतिरिक्त डाटा एंट्री ऑपरेटर तैनात करने और नगरीय क्षेत्रों में मोबाइल टीमों की सहायता लेने को कहा है।

राज्य अतिथि गृह हल्द्वानी में आयोजित समीक्षा बैठक में डॉ. जोगदण्डे ने विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी, भीमताल, हल्द्वानी और नैनीताल में डिजिटलाइजेशन की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह-शाम बूथवार समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करना प्राथमिकता है। जिन बूथों पर डिजिटलाइजेशन कार्य धीमा है, वहां अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं और डाटा एंट्री ऑपरेटरों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही हेल्पिंग हैंड के रूप में अतिरिक्त मोबाइल टीमों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए। बैठक में ऑनलाइन गणना फार्म भरने के लिए मतदाताओं को प्रेरित करने तथा नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में आईटी और मोबाइल टीमों को भेजकर बीएलओ को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

एसआईआर अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य पूरी तरह समयबद्ध होते हैं और एसआईआर अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में शिथिलता पाए जाने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या है, वहां के गणना फार्म केंद्रों पर लाकर डिजिटलाइजेशन कराया जाए।

साथ ही बंद घरों में कम से कम तीन बार संपर्क करने, बूथ लेवल एजेंट को साथ रखने और पूरी प्रक्रिया का दस्तावेजीकरण करने को कहा। बैठक के दौरान अधिकारियों को बीएलओ ऐप के नए मॉड्यूल का प्रशिक्षण भी दिया गया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पांडे सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। 

संबंधित समाचार