PM Rashtriya Bal Puraskar 2026: अगर आपके बच्चे में है कोई अनोखा टैलेंट, तो जल्द करें रजिस्ट्रेशन; खुद पीएम मोदी करेंगे सम्मानित
टिहरी: उत्तराखंड में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबीपी)-2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किये हैं। केन्द्र सरकार द्वारा प्रदान किया जाने वाला यह प्रतिष्ठित सम्मान 18 वर्ष से कम आयु के उन बच्चों को दिया जाता है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण प्रतिभा, उत्कृष्ट उपलब्धि और प्रेरणादायी कार्यों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र का गौरव बढ़ाया हो।
बुधवार को विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार छह श्रेणियों बहादुरी, सामाजिक सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में प्रदान किया जाता है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इसके लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी, संस्थान एवं संगठन 31 जुलाई तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विभाग ने की लोगों से अपील
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा आमजन से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करें, जिन्होंने अपनी उपलब्धियों से समाज में प्रेरणा का कार्य किया हो। विभाग ने विशेष रूप से बालिकाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग, कमजोर वर्गों तथा दिव्यांग बच्चों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से उनके नामांकन को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है।
जानें कैसे कर सकते हैं आवेदन
अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य देशभर के मेधावी एवं प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। विभाग ने बताया कि नामांकन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे तथा आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। ऐसे में इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थान समय रहते पात्र बच्चों का नामांकन कर इस राष्ट्रीय सम्मान की दौड़ में शामिल करा सकते हैं।
