Moharram 2026: लखनऊ में शाही जरी के जुलूस पर डायवर्जन, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

- बुधवार शाम सात बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक रहेगा लागू

लखनऊ, अमृत विचार: मोहर्रम का चांद नजर आते ही पुराना शहर गम में डूब गया। इमामबाड़ों और घरों में काले झंडे लगा दिए गये। मजलिसों की सदायें बलन्द होने लगीं। पहली मोहर्रम को शाम 6 बजे एतिहासिक आसिफी इमामबाड़े से शाही जरीह का जुलूस निकाला जाएगा। हुसैनाबाद ट्रस्ट की ओर से निकाले जाने वाले इस जुलूस में शाही जरीह के साथ ताजिया, हजरत अब्बास का अलम, हजरत अली असगर का झूला, काले झंडे लिए हुए बच्चे, शहनाई पर गूंजती मातम की धुनें और पीएसी बैंड पर मातम की धुन सुनने को मिलेगी। यह जुलूस बड़े इमामबाड़े से निकलकर रूमी गेट, नीबू पार्क, घंटाघर होता हुए देर रात में छोटे इमामबाड़े पहुंचकर खत्म होगा। जुलूस के रास्ते में सबीलें लगाने का काम मोहर्रम का चांद नजर आने के साथ ही शुरू हो गया है।

मोहर्रम का चांद दिखा, पुराना शहर गम में डूबा

शिया और सुन्नी चांद कमेटियों ने मंगलवार को मोहर्रम का चांद नजर आने की पुष्टि कर दी है। पहली मोहर्रम 17 जून को होगा। हजरत इमाम हुसैन का शहादत दिवस यौमे आशूरा 26 जून को मनाया जाएगा। मोहर्रम का चांद नजर आते ही पुराना शहर गम में डूब गया है। घरों और इमामबाड़ों पर काले झंडे लगाए जाने लगे हैं। मरकजी शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैय्यद सैफ अब्बास नकवी ने बताया कि 16 जून को मोहर्रम का चांद हो गया है, 17 को पहली मोहर्रम है और 26 जून को शहादते हजरत इमाम हुसैन (यौमे आशूरा) मनाया जाएगा। मरकजी चांद कमेटी फिरंगी महल के अध्यक्ष और काजी-ए-शहर मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने भी मोहर्रम का चांद नजर आने की पुष्टि की है।

पहली मोहर्रम पर शाही जरी के जुलूस को लेकर बुधवार शाम को ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने बताया कि जुलूस शाम सात बजे बड़ा इमामबाड़ा चौक से शुरू होकर रूमी गेट पुलिस चौकी चौराहा, घंटाघर तिराहा, शीशमहल, सतखंडा तिराहा, रईस मंजिल, छोटा इमामबाड़ा ठाकुरगंज पर समाप्त होगा। उन्होंने बताया कि पक्का पुल चौराहे से बड़ा इमामबाड़ा, रूमी गेट चौराहा, घंटा घर तिराहा से छोटा इमामबाड़ा तक के जुलूस मार्ग पर कोई भी वाहन नहीं चलेंगे।

  इधर से न जाएं

- सीतापुर रोड की ओर से आने वाले वाहन डालीगंज रेलवे क्रासिंग से पक्का पुल होकर बड़ा इमामबाड़ा नहीं जाएंगे।
- हरदोई रोड की ओर से आने वाले वाहन कोनेश्वर चौराहे से घंटाघर नहीं जाएंगे।
- कैसरबाग से सीतापुर रोड जाने वाले वाहन पक्कापुल की ओर नहीं जाएंगे।
- कैसरबाग से हरदोई रोड जाने वाले वाहन पक्का पुल की ओर नहीं जाएंगे।
- हुसैनाबाद से आने वाले वाहन हुसैनाबाद (रामगंज) तिराहा से छोटा इमामबाड़ा होकर घंटाघर नहीं जाएंगे।
- चौक चौराहा से खुनखुन जी गर्ल्स डिग्री काॅलेज होकर वाहन रूमी गेट की ओर नहीं जाएंगे।
- नींबू पार्क फ्लाईओवर से उतरने वाहन रूमी गेट नहीं जाएंगे।
- मेडिकल क्रास चौराहा से वाहन रूमी गेट चौकी चौराहा नहीं जाएंगे।
- शाहमीना तिराहा, पक्का पुल होकर बडे इमामबाड़े की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
- रूमी गेट चौकी चौराहा से वाहन बड़ा इमामबाड़ा या घंटाघर, छोटे इमामबाड़े को नहीं जाएंगे।
- ग्रीन कॉरिडोर से आने वाले वाहन नींबू पार्क चौराहा की ओर नहीं जाएंगे।
- नक्खास तिराहे से विक्टोरिया स्ट्रीट की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
- चरक चौराहे से वाहन नक्खास तिराहा या फूलमंडी, रूमी गेट चौकी की ओर नहीं जाएंगे।
- कुड़िया घाट रोड तिराहा से रूमी गेट चौकी चौराहा की ओर वाहन नहीं जाएंगे।

 इधर से जाएं

- वाहन डालीगंज रेलवे क्रासिंग ओवरबिंज से चौराहा नंबर-08, आईटी चौराहा होकर जाएंगे।
- वाहन चौक, मेडिकल क्रास (कमला नेहरू) होकर जाएंगे।
- वाहन डालीगंज पुल से इक्का तांगा नदवा बंधा से बाएं आईटी चौराहा, कपूरथला चौराहा, मड़ियांव होकर जाएंगे।
- वाहन शाहमीना तिराहे से बाएं मेडिकल कालेज, चौक, कोनेश्वर होकर जाएंगे।
- वाहन हुसैनाबाद तिराहा से तहसीनगंज तिराहा होकर जाएंगे।
- वाहन चौक चौराहा से मेडिकल क्रास (कमला नेहरू) होकर मेडिकल कालेज चौराहा या कोनेश्वर होकर जाएंगे।
- चौक चौराहा, ठाकुरगंज होकर या चरक चौराहा होकर जाएंगे।
- मेडिकल कॉलेज चौराहा या चौक कोनेश्वर होकर वाहन जाएंगे।
- वाहन मेडिकल कालेज चौराहा, चरक चौराहा, चौक, कोनेश्वर या डालीगंज पुल चौराहे से दाएं आईटी चौराहा होकर जाएंगे।
- वाहन चरक चौराहा या बंधा रोड नया पक्का पुल होकर जाएंगे।
- वाहन टीले वाली मस्जिद या नया पक्का पुल पार कर खदरा की ओर से जाएंगे।
- रकाबगंज पुल/बाजार खाला होकर वाहन जाएंगे।
- मेडिकल काॅलेज, रकाबगंज पुल या चौक चौराहा, कोनेश्वर चौराहा होकर जाएंगे।
- वाहन बंधा रोड या नया पक्का पुल होकर जाएंगे।

मोहर्रम के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं हों : यासूब अब्बास

मातमी अंजुमनों और अधिकारियों की बैठक में साफ-सफाई, बिजली, पानी, ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा पर चर्चा

मोहर्रम के दौरान बेहतर इंतजाम और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नक्खास स्थित अवध प्वाइंट में मौलाना यासूब अब्बास के आवास पर अंजुमन हाय मातमी और अन्य अंजुमनों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस बैठक में जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी शामिल हुए।

बैठक में मोहर्रम के दौरान आयोजित होने वाले जुलूसों, मजलिसों और शब्बेदारियों के बेहतर इंतजाम तथा कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अंजुमन-हाय मातमी और कौमी तंजीमों के प्रतिनिधियों ने साफ-सफाई, बिजली, पानी, ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों से अधिकारियों को अवगत कराया।

मौलाना यासूब अब्बास ने मोहर्रम के दौरान दिन-रात अजा ए हजरत इमाम हुसैन करने वालों को जिला प्रशासन की ओर से कोई परेशानी न होने और उनको पूरा सहयोग देने की मांग की, जिस पर जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मौलाना के सभी सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि अंजुमनों, कौमी तंजीमों और जिला प्रशासन के आपसी तालमेल से मोहर्रम के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं पारंपरिक अकीदत के साथ सम्पन्न कराए जाएंगे, जिससे लखनऊ की गंगा-जमुनी तहजीब और अजादारी की रिवायतें और अधिक मजबूत हों।

 

ये भी पढ़ें  : 
लखनऊ में पारा 40 के पार: हीटवेव के चलते बेसिक स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश बढ़ा, आदेश जारी

 

 

संबंधित समाचार