Bareilly News : सीएम करेंगे लोकार्पण, मंजूरी के फेर में अटके नाथ कॉरिडोर के दो प्रोजेक्ट
कांवड़ स्थल की भूमि बदलने तो कहीं उपयुक्त न होने के कारण थमे काम
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर विभिन्न विभागों के अफसर विकास कार्यों की सूची फाइनल करने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री करीब 44 अरब की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। जिनमें नाथ कॉरिडोर के तहत नाथ मंदिरों के कायाकल्प से जुड़ी योजनाएं भी काफी महत्वपूर्ण हैं। इनमें से दो परियोजनाएं स्थान बदलने और टेस्टिंग में मिट्टी फेल होने की वजह से शासन से दोबारा मंजूरी के फेर में अटक गई हैं।
दरअसल, नाथ मंदिरों के कायाकल्प समेत उनके आसपास धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी योजना के तहत हार्टमन रामलीला ग्राउंड पर कांवड़ स्थल बनना तय हुआ था मगर बाद में जगह को बदल दिया गया। करगैना से आगे मढ़ीनाथ-तपेश्वनाथ द्वार के पास दूसरी जगह चिह्नित की गई और बीते दिनों शासन की मंजूरी के लिए भेज दिया गया। पूरी परियोजना पर 4 करोड़ से ज्यादा का खर्च होना था, शासन से दो करोड़ रुपये की राशि अवमुक्त भी की जा चुकी थी, मगर जगह बदलने की वजह से काम शुरू नहीं हो सका। कांवड़ स्थल पर हॉल, टॉयलेट ब्लॉक मंच आदि का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है।
वनखंडीनाथ की जमीन नहीं उपयुक्त
इधर, वनखंडी नाथ मंदिर का काम भी अधर में लटका है। यहां प्रसाद और फूल-माला की दुकानें, वैदिक लाइब्रेरी व टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण किया जाना था। 5.82 करोड़ की परियोजना में 2 करोड़ रुपये शासन से अवमुक्त हो चुके हैं। जिसके बाद मिट्टी की खोदाई का काम यहां शुरू करा दिया गया, मगर निर्माण के लिए मिट्टी सही नहीं थी, लिहाजा काम को रोक दिया गया। अब यहां काम शुरू करने के लिए शासन से मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।
कांवड़ स्थल का कार्य जगह बदलने की वजह से रोका गया था, जबकि वनखंडीनाथ मंदिर में जमीन उपयुक्त नहीं होने की वजह से काम रुका है। दोनों प्रोजेक्ट शासन से दोबारा मंजूरी के लिए भेजे गए हैं। अगले सप्ताह तक वनखंडीनाथ के कार्य को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। जिसके बाद काम शुरू कराया जाएगा। - रविंद्र कुमार, उपनिदेशक, पर्यटन विभाग।
