ऑस्ट्रेलियाई इन्फ्लुएंसर हुआ यूपी पुलिस का मुरीद, अहमदाबाद में चोरी हुआ मोबाइल अलीगढ़ में बरामद
विदेशी कंटेंट क्रिएटर ने पुलिस की तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की
आईपीएल फाइनल मैच के दौरान चोरी हुए ऑस्ट्रेलियाई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जेक जैकिंग्स के मोबाइल फोन को अलीगढ़ पुलिस ने बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया।
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में उत्तर प्रदेश पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। आईपीएल फाइनल मैच के दौरान चोरी हुए ऑस्ट्रेलियाई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जेक जैकिंग्स के मोबाइल फोन को अलीगढ़ पुलिस ने बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया।
इस कार्रवाई की सराहना खुद विदेशी इन्फ्लुएंसर ने की है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी पुलिस की सकारात्मक छवि और मजबूत हुई है। ऑस्ट्रेलिया के लोकप्रिय क्रिकेट कंटेंट क्रिएटर जेक जैकिंग्स का आईफोन 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल फाइनल के दौरान चोरी हो गया था। कुछ दिनों बाद मोबाइल की लोकेशन अलीगढ़ में मिलने पर उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अलीगढ़ पुलिस से मदद मांगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अलीगढ़ पुलिस की सर्विलांस सेल सक्रिय हुई। तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल ट्रैकिंग और सर्विलांस नेटवर्क की मदद से पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और कुछ ही दिनों में उसे बरामद कर लिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मोबाइल जेक जैकिंग्स को सौंप दिया गया। मोबाइल वापस मिलने पर जेक जैकिंग्स ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इतनी तेजी और पेशेवर तरीके से कार्रवाई की उम्मीद नहीं थी। अलीगढ़ पुलिस ने उनकी उम्मीदों से बढ़कर काम किया और उनका विश्वास जीता।
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में तकनीक आधारित पुलिसिंग, साइबर मॉनिटरिंग और सर्विलांस तंत्र को लगातार मजबूत किया जा रहा है। आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग और त्वरित कार्रवाई की कार्यसंस्कृति ने पुलिस की कार्यक्षमता को नई पहचान दी है। अलीगढ़ पुलिस की यह सफलता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
