Amroha News : चोरी के शक में जीला-साले को पेड़ से लटकाकर दी तालिबानी सजा, करीब 7 घंटे तक पेड़ से लटके रहे
अमरोहा, अमृत विचार। चोरी के शक में ग्रामीणों ने दो युवकों को पेड़ से लटकाकर कथित तौर पर प्रताड़ित किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मंगलवार रात गजरौला के गांव शीशोवाली में अवैध शराब खरीदने पहुंचे गांव भुड्डेवाली निवासी दीपक व उसके जीजा डालू निवासी गांव नया बांस को शीशोंवाली के 10-12 ग्रामीणों ने चोरी के शक में पकड़ लिया। जिसके बाद दोनों युवकों के रात दो बजे हाथ बांध कर यूकेलिप्टस के पेड़ से बांध कर लटका दिया। रातभर दोनों पेड़ पर लटके रहे। शोर-शराबा होने पर मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ में शामिल किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैदकर कर बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो की पुलिस को सूचना दी तो लगभग 9:30 बजे मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बंधनमुक्त कर नीचे उतारा। इस घटना की वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही है। वहीं शीशोवाली के ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों खेतों में पशुओं को भगाने के लिए लगाई गई झटका मशीन को चोरी करने आए थे। इस दौरान उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस ने सारे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि जीजा-साले को छुड़ा लिया है।दोनों से पूछताछ की जा रही है। प्रसारित वीडियो के आधार पर आरोपितों की शिनाख्त की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
