Unnao News: उन्नाव में संदिग्ध परिस्थितियों में पत्नी की मौत, सदमे में सेना के जवान ने कोलकाता में लगाई फांसी
उन्नाव, अमृत विचार : यूपी के उन्नाव जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सेना में तैनात पति ने पत्नी की मौत की खबर सुनने के बाद फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस दोहरे हादसे के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। बता दें कि घटना के वक्त जवान कोलकाता के पानागढ़ में तैनात था।
पत्नी की मौत के बाद मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
यह पूरा मामला उन्नाव के बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के दादामऊ गांव का है। यहां सेना के मेडिकल कोर (Army Medical Corps) में तैनात एक सैन्य कर्मी की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खबर मिलते ही पति ने तैनाती स्थल पर किया सुसाइड
घर पर पत्नी की मौत और उपजे विवाद के बीच, कोलकाता के पानागढ़ में तैनात सैन्य कर्मी (पति) ने अपने तैनाती स्थल पर ही फंदे से लटककर जान दे दी। पत्नी की संदिग्ध मौत के बाद पति द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से दोनों परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है।
शव आने का इंतजार
कोलकाता में जान गंवाने वाले सैन्य कर्मी का पार्थिव शरीर देर रात या गुरुवार तक उनके पैतृक गांव आने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस दोनों ही मामलों में आगे की विधिक कार्रवाई और जांच में जुटी है।
