Ayodhya News: अयोध्या में भीषण गर्मी का कहर, अस्पतालों में बढ़ें, फूड प्जवॉइनिंग और सांस के मरीज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अयोध्या में गर्मी और लू से फूड प्वॉइजनिंग, उल्टी, दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीजों से सरकारी ही नहीं निजी अस्पताल भी पटे पड़े हैं। जिला अस्पताल में तो 24 घंटे में करीब 45 के करीब मरीज भर्ती हो रहे हैं।

अयोध्या, अमृत विचार : गर्मी और लू से फूड प्वॉइजनिंग, उल्टी, दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीजों से सरकारी ही नहीं निजी अस्पताल भी पटे पड़े हैं। जिला अस्पताल में तो 24 घंटे में करीब 45 के करीब मरीज भर्ती हो रहे हैं। सांस की बीमारियों से जुड़े मरीजों के लिए यह मौसम सुखदायी नहीं है। चिकित्सकों के अनुसार, भीषण गर्मी ने खान-पान और पानी की गुणवत्ता पर असर डाला है, जिसके चलते बड़ी संख्या में मरीज अस्पतालों का रुख कर रहे हैं।

जिला अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. आशीष पाठक ने बताया कि गर्मी के चलते लोग बाहर का खाना, ठंडे पेय और अनहाइजीनिक पानी का ज्यादा सेवन कर रहे हैं। इससे फूड प्वॉइजनिंग के केस तेजी से बढ़े हैं। पेट दर्द, उल्टी और दस्त वाले मरीजों की संख्या सामान्य दिनों से दोगुनी हो गई है। साथ ही गर्म हवा और धूल के कारण सांस के रोगी भी बढ़ गए हैं। भर्ती होने वाले 60 फीसदी मरीज इन्हीं बीमारियों से पीड़ित हैं। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और अन्य श्वसन संबंधी समस्याएं पुराने मरीजों को फिर से अस्पताल खींच ला रही हैं। कहा कि एक सप्ताह में सैकड़ों मरीज ओपीडी में पहुंचे हैं, जिनमें से कई को भर्ती करना पड़ा।

गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन भी आम समस्या बन गई है। बच्चों और बुजुर्गों में ये लक्षण ज्यादा गंभीर देखे जा रहे हैं। मेडिकल वार्ड में भर्ती पूराकलंदर की मंजू, नेहा, अब्बू सराय की आसिया, मसौधा के रामफेर पेट दर्द, डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद जिला अस्पताल पहुंचे थे। डॉ. पाठक बताते हैं कि कई मरीजों की शिकायत रहती है कि उन्हें नॉनवेज खाने के बाद इस तरह की तकलीफ हुई है। लोग स्वयं सावधानी बरतें तो इन बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।

इन बातों का रखें ख्याल-
  1. पके हुए भोजन का ही सेवन करें।
  2. पानी उबालकर या फिल्टर किया हुआ पिएं।
  3. बाहर का जंक फूड और ठंडे पेय से बचें।
  4. लू से बचाव के लिए दोपहर में घर से बाहर न निकलें।

 

संबंधित समाचार