3 अगस्त से शुरू होगी यूपी विधानसभा मानसून सत्र की कार्यवाही, महंगाई-बेरोजगारी समेत कई मुद्दों पर घेरेंगे विपक्षी दल

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से शुरू होगा और 6 अगस्त तक चलेगा। चार दिन चलने वाले इस संक्षिप्त सत्र में योगी आदित्यनाथ सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश कर सकती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में मानसून सत्र बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। सत्र के दौरान सरकार कई विधायी और वित्तीय कार्यों को पूरा करेगी।

विपक्ष इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगा

मानसून सत्र को लेकर विपक्ष ने भी सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। विपक्ष अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी, भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक, महंगाई, बेरोजगारी, प्रदेश में भारी बारिश से बने हालात और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को सदन में उठाने की रणनीति बना रहा है। विपक्षी दलों की तैयारी को देखते हुए माना जा रहा है कि चार दिन का यह छोटा सत्र भी हंगामेदार हो सकता है। सदन में सरकार और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर तीखी बहस होने की संभावना है।

सरकार के लिए अहम होगा सत्र

सत्र के दौरान योगी सरकार वित्तीय प्रस्तावों के साथ-साथ प्रदेश से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा करेगी। वहीं विपक्ष जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांग सकता है। मानसून सत्र की अवधि भले ही कम है, लेकिन राजनीतिक रूप से यह काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें : 
Devshayani Ekadashi 2026: भगवान विष्णु होंगे योग निद्रा में लीन, अब चार महीने नहीं होंगे शुभ कार्य

संबंधित समाचार