Lakhimpur Kheri News: भाजपा मंडल महामंत्री ने दिया इस्तीफा, इंस्पेक्टर की अभद्रता से नाराज होकर उठाया कदम

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

थाने में तस्दीक कराने को लेकर हुई तीखी नोकझोंक

निघासन/ लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना निघासन में एक मामले की तस्दीकी को लेकर थाने पहुंचे भाजपा मंडल महामंत्री और प्रभारी निरीक्षक के बीच तीखई नोकझोंक हो गई। इससे नाराज मंडल महामंत्री ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए इस्तीफा पत्र सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष है। अन्य पदाधिकारियों के भी सामूहिक इस्तीफे की चर्चा तेज हो गई है।

गांव दुबहा निवासी भाजपा मंडल महामंत्री शिवकुमार बुधवार को जुगुल किशोर नामक व्यक्ति की तस्दीकी के संबंध में थाना निघासन पहुंचे थे। शिवकुमार का आरोप है कि वह पूर्व में भी कई बार इसी मामले में थाने आ चुके हैं। बुधवार को लगभग 11 बजे जब वह पुनः थाने पहुंचे तो वहां मौजूद इंस्पेक्टर ने उनसे उनकी पहचान पूछी। मंडल महामंत्री बताने पर इंस्पेक्टर ने कथित तौर पर कहा तुम्हारे जैसे मंडल महामंत्री रोज देखते हैं, दो मिनट में मंत्री गिरी निकाल देंगे। मेरी पहुंच ऊपर तक है। आरोप है कि इसके बाद उन्हें थाने से भगा दिया गया।

घटना से आहत शिवकुमार ने अपने पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया और उसका पत्र सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। इस्तीफे के वायरल होने के बाद भाजपा संगठन और स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं, इंस्पेक्टर अवधराज सिंह सेंगर ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति किसी न किसी प्रकरण में प्रतिदिन थाने आते रहते हैं। उनके साथ किसी प्रकार की अभद्रता नहीं की गई है।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद लोधी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी जानकारी जिलाध्यक्ष को दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी कार्यकर्ता के साथ अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेगी तथा पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। यदि संगठन स्तर पर जल्द समाधान नहीं निकला तो कुछ अन्य पदाधिकारी भी सामूहिक इस्तीफा दे सकते हैं।

संबंधित समाचार