Shahjahanpur News: हैवान बना सौतेला पिता ! पीट-पीटकर ली मासूम बच्ची की जान, खेत में दफनाया शव

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बच्ची की मां के अनुसार लगभग 10 वर्ष पूर्व उसका पहले पति से तलाक हो गया था। इसके बाद चार माह पहले उसने अखिलेश नामक व्यक्ति से मंदिर में विवाह किया था। महिला ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से उसका पति उसकी चार वर्षीय बेटी प्रिया के साथ अक्सर मारपीट करता था।

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम बच्ची की पीट-पीटकर हत्या कर शव को खेत में दफनाने के मामले में पुलिस ने सौतेले पिता समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सौतेले पिता और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने गुरुवार को बताया कि क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाली एक महिला ने उनसे मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी।

मां का आरोप बेटी अक्सर करता था मारपीट

महिला के अनुसार लगभग 10 वर्ष पूर्व उसका पहले पति से तलाक हो गया था। इसके बाद चार माह पहले उसने अखिलेश नामक व्यक्ति से मंदिर में विवाह किया था। महिला ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से उसका पति उसकी चार वर्षीय बेटी प्रिया के साथ अक्सर मारपीट करता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति उस पर गैर पुरुषों से संबंध बनाने का दबाव डालता था।

शिकायत के अनुसार, चार मई को अखिलेश ने बच्ची को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह इलाज कराने का बहाना बनाकर बच्ची को कार से लेकर थाना कांट क्षेत्र में स्थित अपने खेत पर गया और वहां शव को दफना दिया। बाद में महिला को अंबाला में रिश्तेदारों के यहां छोड़कर वापस लौट आया।

आरोपी समेत 7 के खिलाफ मामला दर्ज

एसपी ने बताया कि महिला ने 30 मई को थाना पुलिस से संपर्क किया था। मामला उनके संज्ञान में आने के बाद तत्काल जांच के आदेश दिए गए। जांच के आधार पर थाना रामचंद्र मिशन में आरोपी अखिलेश, उसके पिता सुरेंद्र तथा अन्य सात लोगों तारा, मुन्ना, रीता, सुमित, अमित, रजनी और अनुज के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

आरोपी अखिलेश और उसका पिता गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी अखिलेश और उसके पिता सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपी की निशानदेही पर खेत में दफनाए गए बच्ची के शव को जमीन से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

संबंधित समाचार