Hamirpur News: बिजली-पानी कटौती को लेकर NH-34 हाईवे पर जमकर बवाल, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने दर्ज की FIR

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

हमीरपुर। हमीरपुर जिले में बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित होने के विरोध में राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात जाम करने के आरोप में चार नामजद व्यक्तियों तथा कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। 

लाठियां, ईंट तथा पत्थर लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बवाल 

पुलिस के अनुसार, दो जून की शाम सुमेरपुर कस्बे में बिजली और पानी की आपूर्ति ठप होने के विरोध में 50-60 लोग बेलाही बाजार के पास इकट्ठा हुए और लाठियां, ईंट तथा पत्थर लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बैठ गए।  पुलिस ने बताया कि सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित हो गया और एम्बुलेंस सहित अन्य वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। 

बिजली विभाग के कर्मचारियों ने शांत कराया मामला 

सुमेरपुर थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार राय ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया था कि 30-31 मई की रात आए आंधी-तूफान से हुए नुकसान के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है और उसे बहाल करने का कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों और पुलिस द्वारा सड़क खाली करने की अपील किए जाने के बावजूद भीड़ उग्र हो गई और वहां से गुजर रहे वाहनों पर पथराव किया। 

वीडियो के आधार पर विधिक कार्रवाई 

राय के अनुसार, इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को मौके से हटा दिया। उन्होंने बताया कि एक उपनिरीक्षक द्वारा बनाए गए वीडियो के आधार पर बुधवार शाम सुमेरपुर के वार्ड संख्या-10 निवासी राम सजीवन, अभय, कल्लू और कस्तूरी और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

ये भी पढ़ें  : 
दिल्ली होटल हादसे के बाद एक्शन में यूपी सरकार, फायर सेफ्टी ऑडिट से लखनऊ-वाराणसी के होटलों में मचा हड़कंप

संबंधित समाचार