गोंडा में लूटकांड का खुलासा: पुलिस और एसओजी की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार
- पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुआ लुटेरा, मनकापुर पुलिस और एसओजी की बड़ी कार्रवाई
गोंडा, अमृत विचार: मनकापुर कोतवाली पुलिस और एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सीमेंट कारोबारी के सेल्समैन से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुक्रवार तड़के हुई पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त सफेद अपाचे बाइक तथा लूट के 44 हजार रुपये बरामद किए हैं। घायल बदमाश को मेडिकल कालेज मे भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के गायत्रीपुरम मोहल्ले के रहने वाले सीमेंट करोबारी मोनू सिंह का सेल्समैन प्रेमनाथ गुप्ता निवासी पंडरी शंकर 25 मई को गोंडा और बलरामपुर के विभिन्न व्यापारियों से लगभग 1.10 लाख रुपये की वसूली कर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहा था। शाम करीब 5:50 बजे जब वह मनकापुर-झिलाही मार्ग स्थित ग्राम बैरीपुर रामनाथ के पास पहुंचा था, तभी बिना नंबर प्लेट की सफेद अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे रोककर उसके सिर पर हमला कर घायल कर दिया और मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखी नकदी लूटकर फरार हो गए थे।
पीड़ित की तहरीर पर मनकापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमें लगातार सक्रिय थीं। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह करीब 3:50 बजे मनकापुर-उतरौला रोड स्थित मनवर तिराहे के पास पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। तभी एक सफेद अपाचे बाइक पर सवार संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में ओम प्रकाश यादव पुत्र तुलसीराम यादव निवासी ग्राम अमघटी थाना मनकापुर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
वहीं उसके दो साथी मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आशीष यादव पुत्र सरजू प्रसाद निवासी अमघटी थाना मनकापुर और प्रदीप वर्मा पुत्र किशन लाल वर्मा निवासी देवरी खेड़ा थाना रेहरा बाजार जनपद बलरामपुर को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सीमेंट कारोबारी के सेल्समैन से लूट की घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों ने लूट की रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस अब गिरोह के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल और लूट के 44 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ मनकापुर कोतवाली में धारा 109(1) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पूर्व में दर्ज लूट के मुकदमे में भी आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में मनकापुर थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर, उपनिरीक्षक साहेब कुमार, उपनिरीक्षक शिव कुमार गिरी, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र मिश्रा, हेड कांस्टेबल अखिलेश सिंह, कांस्टेबल दुर्गेश चौधरी, रिक्रूट आरक्षी गोविंद कुमार और जैद खान, एसओजी व सर्विलांस टीम से उपनिरीक्षक मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी अमित पाठक, रणधीर सिंह, अरुण यादव, राकेश सिंह, बिरजू कुमार, श्याम नारायण, रवि प्रताप यादव और कांस्टेबल अमितेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
