NEET विवाद पर छात्रों के समर्थन में आए वरुण धवन और नोरा फतेही, बोले- हर छात्र निष्पक्ष और भरोसेमंद व्यवस्था का हकदार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः अभिनेता वरुण धवन और अभिनेत्री नोरा फतेही राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें दूर करने, परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने और मामले का निष्पक्ष समाधान निकालने की अपील की है।

वरुण धवन बोले- छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए

वरुण धवन ने बृहस्पतिवार को अपने इंस्टाग्राम खाते पर एक संदेश में कहा कि अगर छात्रों को लगता है कि व्यवस्था ने उन्हें निराश किया है, तो उन्हें सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा, ''छात्र हमारे देश का भविष्य हैं। अगर उन्हें लगता है कि व्यवस्था ने उन्हें निराश किया है, तो उन्हें सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए, उनकी सुरक्षा की जानी चाहिए और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। मैं प्राधिकारियों से इन चिंताओं पर ध्यान देने की अपील करता हूं... विरोध-प्रदर्शन का केंद्र केवल छात्रों को प्रभावित करने वाले मुद्दे और उनके न्यायसंगत समाधान होने चाहिए।''

नोरा फतेही ने कहा- हर छात्र निष्पक्ष व्यवस्था का हकदार

वहीं, नोरा फतेही ने भी नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर जवाबदेही की मांग कर रहे छात्रों का समर्थन करते हुए उनके साहस और जुझारूपन की सराहना की। अभिनेत्री ने 'इंस्टाग्राम' पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस पूरे मामले का ''उचित समाधान'' किया जाएगा। नोरा ने लिखा, ''मैं पूरे मन से हर उस छात्र, हर उस परिवार और हर उस व्यक्ति के साथ हूं जो अनिश्चितता का बोझ उठा रहा है। शिक्षा केवल परीक्षा या अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह त्याग का प्रतीक है। देर रात तक पढ़ाई करने वाला हर छात्र और अपने बच्चों की शिक्षा के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना करने वाला हर परिवार निष्पक्ष, गरिमापूर्ण और भरोसेमंद व्यवस्था का हकदार है।''

20 जून से जारी है जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

उन्होंने कहा कि कोई भी व्यवस्था या उसका कोई भी परिणाम किसी की जान से बढ़कर नहीं हो सकता। नोरा ने कहा, ''परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की खबरों ने कई लोगों को निराश और दुखी किया है। जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। छात्रों की आत्महत्या की खबरों ने मुझे भीतर तक झकझोर दिया है...मैं आपके (प्रदर्शनकारी छात्रों के ) साहस और जुझारूपन को सलाम करती हूं।'' छात्रों और उनके समर्थन में आए अन्य लोग नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में सुधार और प्रश्नपत्र लीक से प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ेंः 26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, सरकार से मिले 3 बड़े लिखित आश्वासन; जानिए क्या-क्या हुआ तय

संबंधित समाचार