''छात्रों को धमकाने की हिम्मत कैसे हुई?'' , राहुल गांधी का सरकार पर हमला, कहा- छात्रों को लोकतांत्रिक अधिकारों से नहीं डराया जा सकता
जंतर-मंतर प्रदर्शन से दूर रहने की दिल्ली विश्वविद्यालय की अपील पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल। कहा- लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने वाले छात्रों को धमकाना स्वीकार्य नहीं।
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर जारी छात्र प्रदर्शन के बीच दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) की ओर से छात्रों और शिक्षकों के लिए एक मैसेज जारी किया गया। जिसमें कहा गया है कि सभी प्रदर्शन स्थल से दूर रहें। इस नोट के एक्स पर पोस्ट होते ही कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विश्वविद्यालय पर लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने, छात्रों को डराने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कदम उठाने वालों को भविष्य में जवाबदेह ठहराया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि समय आने पर इस तरह के फैसलों के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाब देना होगा।
क्या कहा था दिल्ली विश्वविद्यालय ने?
दिल्ली विश्वविद्यालय ने गुरुवार को जारी अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में छात्रों और शिक्षकों से अपील की थी कि वे जंतर-मंतर पर होने वाली किसी भी गैरकानूनी सभा या प्रदर्शन से दूरी बनाकर रखें। विश्वविद्यालय ने कहा कि ऐसे आयोजनों में शामिल होने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है और इससे छात्रों की सुरक्षा, शैक्षणिक प्रगति तथा भविष्य के पेशेवर अवसर प्रभावित हो सकते हैं।
विश्वविद्यालय ने यह भी कहा कि मौजूदा स्थिति को लेकर बड़ी मात्रा में फर्जी और भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है। ऐसे में सभी छात्रों को सतर्क रहने और कानून का पालन करने की सलाह दी गई।
https://twitter.com/RahulGandhi/status/2080529163799400724?s=20
जंतर-मंतर पर जारी है CJP का प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। संगठन NEET प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है।
