FIFA वर्ल्ड कप ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला: फ्रांस या इंग्लैंड, किसके नाम होगा तीसरा स्थान? जानें हेड-टू-हेड रिकॉर्ड और मैच डिटेल्स

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

फाइनल का सपना टूटने के बाद तीसरे स्थान के लिए आमने-सामने होंगी दोनों टीमें, एम्बाप्पे और हैरी केन पर रहेंगी सभी की निगाहें

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने का सपना टूटने के बाद अब फ्रांस और इंग्लैंड तीसरे स्थान यानी ब्रॉन्ज मेडल के लिए आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों का लक्ष्य खिताब जीतना था, लेकिन सेमीफाइनल में मिली हार के बाद अब उनके पास जीत के साथ टूर्नामेंट का समापन करने का मौका है।

सेमीफाइनल में फ्रांस को स्पेन ने 2-0 से हराया, जबकि इंग्लैंड को अर्जेंटीना के खिलाफ 3-1 से हार का सामना करना पड़ा। अब दोनों टीमें ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में जीत दर्ज कर सम्मानजनक विदाई चाहेंगी।

हेड-टू-हेड में इंग्लैंड का पलड़ा भारी

फ्रांस और इंग्लैंड के बीच अब तक 32 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें इंग्लैंड ने 15 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि फ्रांस को 10 जीत मिली हैं। दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। आंकड़ों के लिहाज से इंग्लैंड का रिकॉर्ड बेहतर है, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए मुकाबला बेहद रोमांचक रहने की उम्मीद है।

फ्रांस के लिए यह मुकाबला भावनात्मक भी माना जा रहा है, क्योंकि टीम के कोच डिडिए डेशां का यह आखिरी मैच होगा। ऐसे में किलियन एम्बाप्पे की अगुआई वाली टीम अपने कोच को जीत के साथ विदाई देना चाहेगी।

कब और कितने बजे खेला जाएगा मैच?

फ्रांस और इंग्लैंड के बीच ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला भारतीय समयानुसार शनिवार देर रात 2:30 बजे खेला जाएगा। दोनों टीमों में कई स्टार खिलाड़ी मौजूद हैं, जिससे मुकाबले के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

फ्रांस के पास किलियन एम्बाप्पे और उस्मान डेंबेले जैसे आक्रामक खिलाड़ी हैं, जबकि इंग्लैंड की ओर से हैरी केन और जूड बेलिंघम मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।

गोल्डन बूट की रेस पर भी रहेंगी नजरें

ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला केवल तीसरे स्थान के लिए ही अहम नहीं होगा, बल्कि गोल्डन बूट की दौड़ पर भी इसका असर पड़ सकता है। फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे अब तक 8 गोल कर चुके हैं और लियोनेल मेस्सी के बराबर हैं। हालांकि, अधिक असिस्ट (4) होने की वजह से मेस्सी फिलहाल बढ़त बनाए हुए हैं।

एम्बाप्पे इस मैच में गोल कर मेस्सी से आगे निकलने की कोशिश करेंगे। वहीं, इंग्लैंड के हैरी केन और जूड बेलिंघम भी 6-6 गोल के साथ गोल्डन बूट की रेस में बने हुए हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टूर्नामेंट के अंत में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार किस खिलाड़ी के नाम होता है।

यह भी पढ़ेंः FIFA World Cup 2026: हैरी केन की भूमिका पर डोनाल्ड ट्रंप का सवाल, थॉमस ट्यूशेल ने रणनीति का किया बचाव

संबंधित समाचार