FIFA World Cup Final: कप्तान रौड्री का बड़ा दावा, बोले- वर्षों की मेहनत से बनी स्पेन की टीम, अब विश्व कप जीतने का है लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

फाइनल से पहले स्पेन के कप्तान रौड्री ने जताया भरोसा, कहा- अर्जेंटीना सबसे कठिन चुनौती, लेकिन हमारी टीम हर हालात से निपटने के लिए तैयार

न्यूयॉर्क: फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले स्पेन के कप्तान रौड्री ने अपनी टीम पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि मौजूदा टीम वर्षों की लगातार मेहनत और सुनियोजित प्रक्रिया का परिणाम है। उनका कहना है कि स्पेन अब सिर्फ अच्छा प्रदर्शन करने नहीं, बल्कि विश्व कप ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

रौड्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से टीम एक तय रणनीति और खेल शैली पर लगातार काम कर रही है। इसी का नतीजा है कि स्पेन ने यूईएफए नेशंस लीग 2023 और यूरोपीय चैम्पियनशिप 2024 जैसे बड़े खिताब अपने नाम किए। अब टीम का अगला लक्ष्य विश्व कप जीतना है।

अर्जेंटीना होगी सबसे बड़ी चुनौती

स्पेन के कप्तान ने माना कि फाइनल में अर्जेंटीना जैसी मौजूदा विश्व चैंपियन टीम का सामना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि उनकी टीम हार के डर से नहीं, बल्कि जीत के विश्वास के साथ मैदान में उतरेगी।

रौड्री के मुताबिक, टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अलग-अलग परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन किया है। शुरुआती मुकाबले में केप वर्दे के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ के बाद स्पेन ने पूरे अभियान में अब तक केवल एक गोल ही खाया है, जो उसकी मजबूत रक्षापंक्ति को दर्शाता है।

फ्रांस के खिलाफ प्रदर्शन को बताया बेहतरीन

रौड्री ने कहा कि फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल में टीम का प्रदर्शन उनके सर्वश्रेष्ठ सामूहिक खेलों में से एक था। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि अर्जेंटीना जैसी मजबूत टीम को हराने के लिए स्पेन को उससे भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

उन्होंने कहा कि उनकी टीम हर तरह की रणनीति अपनाने में सक्षम है और जरूरत पड़ने पर मजबूत डिफेंस, तेज आक्रमण और प्रभावी काउंटर अटैक के साथ खेल सकती है। यही संतुलन स्पेन को फाइनल तक लेकर आया है।

यह भी पढ़ेंः FIFA World Cup Final 2026: फाइनल से पहले मेसी की हुंकार, बोले- स्पेन के खिलाफ अपना सब कुछ झोंक देंगे

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज