FIFA World Cup Final 2026: फाइनल से पहले मेसी की हुंकार, बोले- स्पेन के खिलाफ अपना सब कुछ झोंक देंगे
न्यू जर्सी में फाइनल से पहले मेसी का बड़ा बयान, स्पेन के कप्तान रोड्री ने बताया दुनिया का महानतम खिलाड़ी, यमाल के साथ वायरल तस्वीर पर भी दी प्रतिक्रिया
FIFA World Cup Final 2026: फीफा विश्व कप 2026 के बहुप्रतीक्षित फाइनल से पहले अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी ने साफ कर दिया है कि उनकी टीम खिताबी मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाले फाइनल से पहले मेसी ने कहा कि टीम ट्रॉफी जीतने के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगाने को तैयार है।
फाइनल से पहले न्यूयॉर्क में आयोजित फैनेटिक्स फेस्ट में खेल जगत की कई दिग्गज हस्तियां एक मंच पर नजर आईं। इस कार्यक्रम में टॉम ब्रैडी, नोवाक जोकोविच, केविन ड्यूरेंट और लियोनल मेसी शामिल हुए। इसी दौरान मेसी ने फाइनल को लेकर अपना आत्मविश्वास जताया।
रोड्री ने मेसी को बताया दुनिया का महानतम खिलाड़ी
स्पेन के कप्तान रोड्री ने मेसी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उनके लिए शब्द कम पड़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि मेसी सिर्फ अर्जेंटीना ही नहीं, बल्कि पूरे फुटबॉल जगत के लिए बेहद खास खिलाड़ी हैं। रोड्री के मुताबिक, उनकी नजर में लियोनल मेसी दुनिया के महानतम फुटबॉलर हैं।
वहीं टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच ने मेसी से बड़े मुकाबलों के दबाव को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में अर्जेंटीना के कप्तान ने कहा कि उन्होंने हमेशा यही सीखा है कि कभी हार नहीं माननी चाहिए और आखिरी क्षण तक संघर्ष करते रहना चाहिए।
गौरतलब है कि विश्व कप इतिहास में अब तक केवल ब्राजील ही ऐसी टीम रही है जिसने 1958 और 1962 में लगातार दो बार खिताब जीता था।
यमाल के साथ वायरल तस्वीर पर मेसी की प्रतिक्रिया
फाइनल से पहले सोशल मीडिया पर लियोनल मेसी और स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल की एक पुरानी तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें मेसी बचपन के यमाल को नहलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
इस तस्वीर को लेकर पूछे गए सवाल पर मेसी ने मुस्कुराते हुए कहा कि यह बेहद "क्रेजी" तस्वीर है। उन्होंने कहा कि उस समय यमाल छोटे बच्चे थे और अब दोनों विश्व कप फाइनल में एक-दूसरे के सामने हैं। मेसी ने यमाल की तारीफ करते हुए उन्हें मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक बताया।
