MMA : पाकिस्तान के आबिद अली से भिड़ेंगे संग्राम सिंह, स्ट्राइक एशिया चैंपियनशिप के लिए 19 जुलाई को होगा महामुकाबला
नई दिल्ली। भारतीय रेसलिंग के दिग्गज और अपराजित मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) फाइटर संग्राम सिंह अपने करियर के सबसे अहम मुकाबलों में से एक के लिए तैयार हैं। वह 19 जुलाई को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित स्ट्राइक एशिया चैंपियनशिप के खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान के मोहम्मद आबिद अली का सामना करेंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला यह हाई-वोल्टेज मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:30 से 7:00 बजे के बीच शुरू होने की संभावना है। मुकाबले का सीधा प्रसारण मलेशियाई नेशनल टीवी और स्पोर्ट्स चैनल पर किया जाएगा। कॉम्बैट स्पोर्ट्स जगत में इस फाइट को लेकर जबरदस्त उत्साह है और विजेता को स्ट्राइक एशिया चैंपियन का खिताब मिलेगा।
एमएमए में लगातार शानदार प्रदर्शन
दो बार के कॉमनवेल्थ हैवीवेट रेसलिंग चैंपियन संग्राम सिंह ने प्रोफेशनल एमएमए में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने अपने डेब्यू मुकाबले में जॉर्जिया में पाकिस्तान के अली रज़ा नासिर को महज 90 सेकंड में हराकर शानदार शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने नीदरलैंड्स में ट्यूनीशिया के हकीम ट्रैबेल्सी और अर्जेंटीना में फ्रांस के फ्लोरियन कौडियर को हराकर लगातार तीन जीत दर्ज कीं। अर्जेंटीना में मिली जीत के साथ संग्राम वहां प्रोफेशनल एमएमए मुकाबला जीतने वाले पहले भारतीय भी बने। फिलहाल उनका प्रोफेशनल एमएमए रिकॉर्ड 3-0 का है।
खेल के साथ सामाजिक जिम्मेदारियां भी निभा रहे
रिंग के बाहर भी संग्राम सिंह खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वह युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के 'फिट इंडिया आइकन' हैं, जबकि आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने उन्हें 'स्वच्छ भारत अभियान' का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है।
'140 करोड़ भारतीयों के लिए लड़ता हूं' : संग्राम सिंह
खिताबी मुकाबले से पहले संग्राम सिंह ने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाला हर मुकाबला खास होता है और वह इस भावना को अच्छी तरह समझते हैं।
https://twitter.com/Sangram_Sanjeet/status/2078297459269448035?s=20
उन्होंने कहा, "जब भी मैं केज में उतरता हूं, तो सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के लिए लड़ता हूं। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा भावनाओं से जुड़ा होता है। मैंने पूरी अनुशासन और प्रतिद्वंद्वी के प्रति सम्मान के साथ तैयारी की है, लेकिन एक बार केज का दरवाजा बंद होने के बाद मेरा एक ही लक्ष्य होता है कि भारतीय तिरंगा गर्व से लहराए। फिटनेस, समर्पण और मानसिक मजबूती ही किसी भी खिलाड़ी की सबसे बड़ी ताकत होती है।"
खिताब जीतने का सुनहरा मौका
रविवार को होने वाला यह मुकाबला न केवल संग्राम सिंह के लिए स्ट्राइक एशिया चैंपियन बनने का अवसर होगा, बल्कि रेसलिंग के बाद मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में उनकी बढ़ती सफलता को भी नई पहचान देगा। खेल प्रेमियों की नजरें इस बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर टिकी हैं और उम्मीद की जा रही है कि संग्राम सिंह एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करेंगे।
