MEA बोला, 'पश्चिम एशिया संघर्ष में 14 भारतीयों की मौत' ... दो लापता, फारस की खाड़ी में मौजूद हैं 7 भारतीय जहाज

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के दौरान अब तक 14 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि दो भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया ब्रीफिंग के दौरान बताया कि मंत्रालय के पास संघर्ष में मारे गए भारतीय नाविकों की सटीक संख्या का विस्तृत आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, लेकिन अब तक कुल 14 भारतीय नागरिकों के मारे जाने और दो के लापता होने की जानकारी है।

फारस की खाड़ी में मौजूद हैं सात भारतीय ध्वज वाले जहाज

विदेश मंत्रालय ने बताया कि तनावपूर्ण हालात के बावजूद फारस की खाड़ी में भारतीय ध्वज वाले सात जहाज अभी भी मौजूद हैं। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति को देखते हुए भारत सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और भारतीय नागरिकों तथा नाविकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

होर्मुज़ जलडमरूमध्य को लेकर जारी हुई एडवाइजरी

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इस सलाह के तहत संवेदनशील क्षेत्रों, विशेष रूप से होर्मुज़ जलडमरूमध्य और फारस की खाड़ी में जाने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों की तैनाती को रोकने का निर्देश दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति लगातार अस्थिर बनी हुई है और इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में भारतीय नाविक काम करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

भारतीयों की सुरक्षा पर सरकार की नजर

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार पश्चिम एशिया में रह रहे भारतीय नागरिकों की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है। संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद भारतीयों की सुरक्षा और सहायता के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। फारस की खाड़ी और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय शिपिंग गतिविधियों पर भी असर पड़ा है। भारत ने स्थिति को देखते हुए अपने नागरिकों और समुद्री कर्मियों के लिए सतर्कता बरतने की अपील की है।

ये भी पढ़ें : 
Shashi Tharoor : तिरुवनंतपुरम के होटल की लिफ्ट में फंसे शशि थरूर, कर्मचारियों ने सुरक्षित बाहर निकाला

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार