राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस : टिन्नू यादव और मनीष पुलिस रिमांड पर, मेडिकल के बाद शुरू हुई पूछताछ, हो सकते हैं बड़े खुलासे

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

अयोध्या, अमृत विचार। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में जुटी पुलिस ने रविवार सुबह मामले के दो प्रमुख आरोपियों रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और उसके भतीजे मनीष यादव को जिला कारागार से अपनी कस्टडी में ले लिया। दोनों आरोपियों को एंटी करप्शन कोर्ट से 39 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने के बाद पूछताछ के लिए बाहर लाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को जिला कारागार से अपनी अभिरक्षा में लिया। मामले के विवेचक आशुतोष तिवारी दोनों को लेकर पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

मेडिकल के बाद शुरू हुई पूछताछ

मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां चढ़ावा चोरी से जुड़े नेटवर्क, धन के लेन-देन, अन्य संदिग्धों की भूमिका और चोरी की संपत्ति के संबंध में अहम जानकारियां जुटाने का प्रयास कर रही हैं।

घरों पर छापेमारी की संभावना

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस दोपहर से शाम के बीच दोनों आरोपियों के घरों और अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर सकती है। जांच टीम को चोरी के सामान, दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिलने की उम्मीद है।

39 घंटे की मिली है पुलिस कस्टडी

गौरतलब है कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एंटी करप्शन कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 39 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की है। इसी रिमांड अवधि के दौरान पुलिस उनसे पूछताछ के साथ आवश्यक बरामदगी और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई करेगी।

संबंधित समाचार