Sonam Wangchuk : दिल्ली पुलिस कमान संभालते ही अनुराग कुमार का बड़ा एक्शन, जंतर-मंतर से अस्पताल तक पहुंचा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

दिल्ली। दिल्ली पुलिस के नए आयुक्त अनुराग कुमार के पदभार संभालने के महज 24 घंटे के भीतर राजधानी में पहली बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। 21 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद शनिवार तड़के उन्हें जंतर-मंतर से इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति और दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद पुलिस ने यह कदम उठाया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में वांगचुक को आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

21 दिन की भूख हड़ताल के बाद बिगड़ी तबीयत

सोनम वांगचुक 28 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे थे। वह नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार, लगातार उपवास के कारण उनका वजन करीब 9.5 किलोग्राम तक कम हो गया था। उनके रक्तचाप और रक्त शर्करा के स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

तड़के हुई कार्रवाई, कुछ देर बनी रही अफरा-तफरी

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह जब वांगचुक को अस्पताल ले जाने की कार्रवाई की गई तो कुछ प्रदर्शनकारियों ने इसका विरोध किया और पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया। इसके चलते कुछ समय के लिए जंतर-मंतर पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जवानों ने संयम बनाए रखा और वांगचुक को सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस ने सख्ती की और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया।

नए पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के सामने पहली बड़ी परीक्षा

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1994 बैच के अधिकारी अनुराग कुमार ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त का पद संभाला था। उनके कार्यभार संभालने के तुरंत बाद यह कार्रवाई राजधानी में कानून-व्यवस्था से जुड़ा पहला बड़ा मामला बन गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अनुराग कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी जिला और यूनिट प्रमुखों को निर्देश दिया है कि शहर में किसी भी हिस्से में शांति व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

खुफिया विभाग में लंबा अनुभव

अनुराग कुमार इससे पहले खुफिया ब्यूरो (आईबी) में विशेष निदेशक के पद पर रह चुके हैं। उन्हें आईबी में करीब दो दशक का अनुभव है, जहां उन्होंने कश्मीर, वीआईपी सुरक्षा और वामपंथी उग्रवाद से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों में जिम्मेदारियां संभालीं। उन्होंने वाशिंगटन स्थित भारतीय मिशन में भी सेवाएं दी हैं। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें पुलिस पदक (मेधावी सेवा) और राष्ट्रपति पुलिस पदक (विशिष्ट सेवा) से सम्मानित किया जा चुका है।

पुलिस ने प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की

दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि वांगचुक को चिकित्सकीय सलाह और उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन समाप्त करें और जंतर-मंतर स्थल खाली करें। फिलहाल सोनम वांगचुक सफदरजंग अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में हैं। वहीं, उनकी हिरासत और पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज हो गई है।

ये भी पढ़ें : 
Sonam Wangchuk : अनशन के 21वें दिन जंतर-मंतर खाली करने का निर्देश; दीपके करेंगे अनिश्चितकालीन तक अनशन 

संबंधित समाचार