Meta का नया AI टूल ‘Muse Image’ लॉन्च, टेक्स्ट से बनाएगा शानदार तस्वीरें; प्राइवेसी विवाद के बाद फीचर भी हटाया

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

Meta Superintelligence Labs का पहला इमेज जनरेशन मॉडल Meta AI में उपलब्ध, फोटो एडिटिंग और AI इमेज क्रिएशन के साथ लॉन्च के बाद प्राइवेसी को लेकर उठा विवाद।

डिजिटल डेस्कः टेक दिग्गज मेटा (Meta) ने अपना नया AI इमेज जनरेशन मॉडल Muse Image लॉन्च कर दिया है। यह Meta Superintelligence Labs का पहला इमेज जनरेशन मॉडल है, जिसे फिलहाल Meta AI में उपलब्ध कराया गया है। कंपनी का दावा है कि यह मॉडल सामान्य भाषा में दिए गए निर्देश (प्रॉम्प्ट) को समझकर हाई-क्वालिटी तस्वीरें तैयार करने के साथ-साथ मौजूदा फोटो को एडिट भी कर सकता है।

एक प्रॉम्प्ट से तैयार होंगी हाई-क्वालिटी तस्वीरें

मेटा के अनुसार, Muse Image एक साथ कई तस्वीरों को मिलाकर नई इमेज तैयार करने में सक्षम है। इसके अलावा यह फोटो के बैकग्राउंड से अनचाहे व्यक्ति या ऑब्जेक्ट हटाने, ऐतिहासिक स्थानों जैसी नई लोकेशन में तस्वीर तैयार करने और इमेज के भीतर साफ एवं पढ़ने योग्य टेक्स्ट जेनरेट करने की सुविधा भी देता है।

कंपनी का कहना है कि यह मॉडल एडवांस्ड रीजनिंग तकनीक का उपयोग करता है, जिससे जटिल निर्देशों को बेहतर तरीके से समझकर अधिक सटीक परिणाम देता है।

Instagram और WhatsApp में भी बढ़ीं AI सुविधाएं

मेटा ने अपने AI प्लेटफॉर्म में 30 से अधिक नए AI Effects भी जोड़े हैं, जिनका इस्तेमाल Instagram Stories में किया जा सकेगा। इसके अलावा WhatsApp पर Meta AI के साथ चैट के दौरान भी सीमित देशों में इमेज जेनरेशन की सुविधा शुरू की गई है, जिसे भविष्य में अन्य देशों तक विस्तारित करने की योजना है।

Presets फीचर से फोटो एडिटिंग होगी आसान

Muse Image में Presets नाम का नया फीचर भी शामिल किया गया है। इसकी मदद से यूजर्स एक टैप में पुराने फोटो रिस्टोर कर सकते हैं, अलग-अलग हेयरस्टाइल आजमा सकते हैं या अपनी तस्वीरों को विभिन्न क्रिएटिव स्टाइल में बदल सकते हैं।

इसके अलावा उपयोगकर्ता अपने कमरे की फोटो अपलोड कर AI की सहायता से अलग-अलग इंटीरियर डिज़ाइन भी देख सकते हैं।

भारत समेत कई देशों में उठा प्राइवेसी विवाद

Muse Image के लॉन्च के बाद भारत सहित कई देशों में प्राइवेसी और यूजर कंसेंट (Consent) को लेकर विवाद सामने आया। शुरुआती फीचर के तहत कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक (Public) Instagram अकाउंट को @-मेंशन कर उस अकाउंट की तस्वीरों को AI इमेज तैयार करने के लिए रेफरेंस के रूप में इस्तेमाल कर सकता था।

इस फीचर को लेकर सोशल मीडिया पर व्यापक आलोचना हुई। भारत में भी कई यूजर्स ने बिना स्पष्ट सहमति सार्वजनिक तस्वीरों के उपयोग पर सवाल उठाए। इसके बाद केंद्र सरकार ने भी इस फीचर की जांच की बात कही।

विवाद बढ़ने पर Meta ने वापस लिया फीचर

बढ़ती आलोचना और प्राइवेसी संबंधी चिंताओं के बाद मेटा ने स्वीकार किया कि यह फीचर लोगों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा। कंपनी ने लॉन्च के कुछ ही दिनों के भीतर सार्वजनिक Instagram अकाउंट को @-मेंशन कर AI इमेज बनाने वाली सुविधा वापस लेने की घोषणा कर दी।

फ्री यूज के साथ मिलेगा सब्सक्रिप्शन विकल्प

कंपनी के मुताबिक, Muse Image फिलहाल सामान्य उपयोगकर्ताओं के लिए मुफ्त उपलब्ध है। हालांकि अधिक उपयोग करने वाले यूजर्स के लिए इसे Meta के सब्सक्रिप्शन प्लान में शामिल किया जाएगा। भविष्य में इसे Facebook Advantage और Advantage+ Creative प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा कंपनी AI आधारित वीडियो जनरेशन टूल Muse Video पर भी काम कर रही है।

यह भी पढ़ेंः Motorola G77 Power 5G भारत में लॉन्च, 7000mAh बैटरी और 50MP कैमरा के साथ देगा 59 घंटे का बैकअप

संबंधित समाचार