Kannauj News : सरकारी नौकरी के साथ सचिव की ठेकेदारी, गाड़ी की टक्कर से बुजुर्ग की मौत के बाद खुलासा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-ग्राम पंचायत अधिकारी अश्वनी कुमार के नाम रही गाड़ी से चलते रहे सीडीओ -कानपुर के चौबेपुर में इसी गाड़ी की टक्कर से बुजुर्ग की मौत का मामला हुआ है दर्ज

कन्नौज, अमृत विचार। रोक के बाद भी सरकारी कर्मचारी व जनप्रतिनिधि स्वयं व उनके सगे-संबंधी ठेकेदारी व व्यापार भी कर रहे हैं। ग्राम पंचायत अधिकारी अश्वनी कुमार के स्वयं के नाम की गाड़ी का अनुबंध सीडीओ के यहां था। कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में इसी गाड़ी से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। इसकी रिपोर्ट भी दर्ज हुई है। हालांकि एफआईआर दर्ज होने से पहले ही इस गाड़ी को वर्तमान मुख्य विकास अधिकारी ने हटा दिया। 

चर्चा है कि सरकारी नौकरी के साथ ही ग्राम पंचायत अधिकारी ठेकेदारी या अन्य व्यापार आखिर किसकी कृपा से कर रहे हैं। दरअसल, सदर विकास खंड व कोतवाली क्षेत्र के गांव गुखरू निवासी राजकुमार के पुत्र अश्वनी कुमार ग्राम पंचायत अधिकारी हैं। इसी जनपद के गुगरापुर विकास खंड क्षेत्र में वह तैनाती पाए हैं। इसके अलावा उनके नाम की गाड़ी नंबर यूपी 74 वाई 1111 है जिसका पंजीकरण 20 अप्रैल 2019 को हुआ है। 

तत्कालीन मुख्य विकास अधिकारी ने इस गाड़ी को सरकारी कार्य के लिए लगाया था। सीडीओ राजेंद्र श्रीवास के कार्यभार संभालने के कुछ दिनों बाद इसी गाड़ी से बाइक सवार दो किशोर भिड़ गए। घायल होने के बाद उनको अस्पताल ले जाया गया। दूसरी ओर इस गाड़ी का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। भरोसेमंद सूत्रों की माने तो उस दौरान इस चौपहिया गाड़ी का बीमा भी नहीं था। इस हादसे के बाद बीमा कराया गया। 

उधर, कानपुर नगर के थाना ककवन क्षेत्र के जरैलापुरर्वा खंड नदिहा खुर्द निवासी जयनारायण ने 07 जुलाई को चौबेपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें हवाला दिया है कि 29 जून को ग्राम अमिलिहा के पास पिता रामऔतार मोपेड से जा रहे थे। इसी दौरान इनोवा कार नंबर यूपी 74 वाई 1111 का चालक ने टक्कर मार दी जिससे रामऔतार की मौत हो गई। मामले की जांच उप निरीक्षक दीपक कुमार को दी गई है। इस बारे में डीपीआरओ राजेंद्र प्रकाश का कहना है कि अश्वनी कुमार नाम से दो ग्राम पंचायत अधिकारी हैं। गाड़ी जेम पोर्टल से टेंडर के जरिए लगी होगी। उनके यहां किसी कर्मी की गाड़ी नहीं लगी है। किसके यहां लगी व किस योजना से उनको जानकारी नहीं है।

ये भी पढ़ें : 
Kanpur News : हरियाली का महाअभियान, कानपुर में रोपे जाएंगे 35.84 लाख पौधे

 

संबंधित समाचार