Pratapgarh News: स्कूलों का समय पूर्ववत करने की मांग, महिला शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन
ग्रीष्मकाल में सुबह 8 से दोपहर 1 बजे और शीतकाल में सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक संचालन की मांग
प्रतापगढ़ में महिला शिक्षक संघ ने परिषदीय विद्यालयों का समय पूर्ववत करने की मांग को लेकर बीएसए के माध्यम से अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा को ज्ञापन भेजा। संगठन ने ग्रीष्मकाल और शीतकाल के लिए पुराने समयानुसार स्कूल संचालन बहाल करने की मांग की है।
प्रतापगढ़ अमृत विचार : महिला शिक्षक संघ ने शनिवार अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा, उत्तर प्रदेश को संबोधित एक मांगपत्र जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपा। बीएसए देवव्रत सिंह को दिए गए पत्र के माध्यम से मांग किया कि परिषदीय विद्यालयों का संचालन पूर्व की तरह ग्रीष्मकाल में प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक एवं शीतकाल में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक होना चाहिए।
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन
जिलाध्यक्ष स्नेह कुमारी शुक्ला के नेतृत्व में जिला कार्यकारिणी एवं विभिन्न ब्लॉकों की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संयुक्त रूप से मांगपत्र दिया। इस अवसर पर जिला महामंत्री शर्मिला सिंह, मालती सिंह,रितु खंडेलवाल,रेनू मौर्या, प्रीति मिश्रा,सीता,भानु प्रिया,आरती मिश्रा आदि मौजूद रहीं। संघ ने आशा व्यक्त की कि शिक्षक-हित एवं छात्र-हित को देखते हुए शासन स्तर पर इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
