Kannauj News : भारी पड़ी नगर पालिका की लापरवाही, खुले नाले में गिरने से मासूम बच्चे की मौत
'कई बार शिकायत की, फिर भी नहीं लगी पटिया'
कन्नौज के गुरसहायगंज में खुले नाले में गिरने से दो वर्षीय मासूम इशू की मौत हो गई। परिजनों ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद नाले पर पटिया नहीं लगाई गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है, जबकि चेयरमैन प्रतिनिधि ने सहायता और जल्द पटिया लगाने का आश्वासन दिया।
गुरसहायगंज/कन्नौज, अमृत विचार। नगर पालिका की लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई जब खुले नाले में गिरने से दो साल के बच्चे की मौत हो गई। जानकारी पर चेयरमैन प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। कस्बा के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी नगर कुनाल नट शादी विवाह में बाजा बजाने का काम करता है।
शनिवार की सुबह करीब 8:00 बजे उसका पुत्र इशू (02) घर के बाहर चबूतरे पर खेल रहा था। तभी घर के सामने से निकले गहरे नाले में गिर गया। आवाज सुनकर लोगों ने उसे बाहर निकाला और नर्सिंग होम में ले गए जहां डॉक्टर ने बाहर ले जाने को कहा। परिजन उसे फर्रुखाबाद ले जा रहे थे लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक के बाबा राजेंद्र ने बताया कि करीब 4 महीने पहले घर के सामने सड़क और नाले का निर्माण हुआ था। नाला पर पटिया रखने के लिए कई बार नगर पालिका में सूचना दी लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। अब पोते की इसमें गिरने से मौत हो गई। इससे पहले भी बड़ा पोता आयुष नाले में कई बार गिर चुका है लेकिन उसे बचा लिया गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों में रोष था।
चेयरमैन प्रतिनिधि ने दिया मदद का भरोसा
सूचना पाकर चेयरमैन प्रतिनिधि मयंक गुप्ता, सभासद पति शिवा गुप्ता पहुंचे और घटना पर अफसोस व्यक्त किया। मृतक के परिजन को हर संभव सहायता का करने का आश्वासन दिया है। मयंक गुप्ता ने बताया कि जल्द ही नाले पर पटिया डलवा दी जाएगी।
