Amroha News : हाईवे पर कार अनियंत्रित कार लोहे की रेलिंग में घुसी, एक की मौत... छह घायल
अमरोहा के गजरौला में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में गोंडा निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह सदस्य घायल हो गए।
अमरोहा, अमृत विचार : नेशनल हाईवे पर कार अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग में घुस गई। जिसमें सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए। जिससे मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद गोंडा निवासी सोनू (28) पुत्र सोनाथ सिंह रविवार की सुबह कार से किसी काम से अपने परिवार वालों के साथ दिल्ली जा रहा था। जैसे वह गजरौला स्थित नेशनल हाईवे पर पहुंचे तो कार चालक सोनाथ सिंह को नींद की झप्पी आने से कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगी लोहे की रेलिंग में घुस गई। जिसमें कार सवार सोनू के सीने में लोहे की रेलिंग घुस गई।
जिससे सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक उनके पिता सोनाथ सिंह, मां रमाशंकर, पत्नी प्रियांका पांडे,व आयुष, मनीष, देवांश, दिव्यांशु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में घुसी लोहे की रेलिंग को काटकर सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया तथा मृतक सोनू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं सोनू की मौत से परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतक सोनू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
