Hardoi News : गोवा से शुरू हुई लव स्टोरी का खौफनाक अंत, प्रेमी के बाद अब प्रेमिका ने भी दी जान, जानें पूरा मामला
प्रेमी ने गोवा में लगाई फांसी, परिजनों को मिली कॉल रिकॉर्डिंग
हरदोई (अमृत विचार): उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्रेम कहानी का बेहद दर्दनाक अंत हो गया। गोवा में पति के साथ रहते हुए जिस युवक से पत्नी का प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था, उसकी खुदकुशी के बाद अब प्रेमिका ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। प्रेमी के परिजनों द्वारा केस दर्ज कराने की धमकी और मानसिक तनाव के चलते महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
एक ही कमरे में रहने के दौरान हुआ प्यार
मिली जानकारी के मुताबिक, साण्डी थाना क्षेत्र के चंदसौरा गांव के रहने वाले राजीव की शादी 16 अप्रैल 2016 को माधौगंज इलाके के साईंपुर निवासी सुशीला (30 वर्ष) के साथ हुई थी। दोनों की एक बेटी भी है। राजीव गोवा में रहकर काम करता था और शादी के बाद अपनी पत्नी सुशीला को भी वहीं ले गया था। राजीव के साथ उसके ही गांव का रहने वाला बादाम सिंह (पुत्र रामकुमार) भी गोवा में उसी कमरे में साथ रहता था। एक ही कमरे में रहने के दौरान सुशीला और बादाम सिंह के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों के बीच प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि साथ रह रहे पति राजीव को इसकी भनक तक नहीं लगी।
पानी सिर से ऊपर हुआ तो पत्नी को छोड़ा गांव
राजीव को जब दोनों के रिश्ते पर शक हुआ और बात हद से ज्यादा बढ़ गई, तो वह सुशीला को गोवा से वापस उसके गांव छोड़ आया। हालांकि, गांव आने के बाद भी सुशीला और बादाम सिंह के बीच फोन पर बातचीत का सिलसिला जारी रहा।
प्रेमी ने गोवा में लगाई फांसी, परिजनों को मिली कॉल रिकॉर्डिंग
बीती 8 जुलाई को बादाम सिंह ने गोवा में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 10 जुलाई को उसका शव गांव पहुंचा, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। बादाम सिंह की मौत के बाद उसके बड़े भाई विनय के हाथ सुशीला और बादाम सिंह की बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग लग गई।
केस दर्ज कराने की धमकी से तनाव में थी प्रेमिका
मृतक बादाम सिंह के परिजनों ने सुशीला पर उसके भाई को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। राजीव का दावा है कि बादाम का भाई विनय लगातार सुशीला को फोन पर गाली-गलौज कर रहा था और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी दे रहा था। इस कानूनी कार्रवाई के खौफ और लोक-लाज के डर से सुशीला गहरे मानसिक तनाव में आ गई।
शनिवार को बंद कमरे में सुशीला ने दी जान
धमकी और तनाव से परेशान होकर शनिवार को सुशीला ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया और रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। जब पति राजीव ने दरवाजा तोड़ा, तो सुशीला का शव फंदे से लटक रहा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान,,,
स्थानीय पुलिस प्रशासन का कहना है कि मृतका के पति ने पूरी घटना की जानकारी साझा की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मामले की गहराई से जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
