सीतापुर पुलिस में बड़ा फेरबदल: रामपुर मथुरा के एसओ हटे, बनाए गए चौकी प्रभारी; कई थाना प्रभारियों के तबादले
एसपी अंकुर अग्रवाल ने कानून-व्यवस्था को लेकर किया व्यापक प्रशासनिक बदलाव, कई थानों और चौकियों में नए प्रभारी तैनात।
सीतापुर, अमृत विचार। जिले में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कई थाना प्रभारियों और उप-निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। जारी आदेश के तहत रामपुर मथुरा के थानाध्यक्ष को उनके पद से हटाकर चौकी प्रभारी बनाया गया है, जबकि कई अन्य थानों में नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
जारी तबादला सूची के अनुसार रामपुर मथुरा के थानाध्यक्ष श्यामू कनौजिया को हटाकर कोतवाली देहात की नैपालापुर चौकी का प्रभारी बनाया गया है। उनकी जगह सदरपुर के प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा को रामपुर मथुरा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को कमलापुर अपराध शाखा से स्थानांतरित कर मानपुर थाना का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
उप-निरीक्षकों के स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। मछरेहटा के थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता को पिसावां का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं मानपुर के थानाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा को सदरपुर थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा खैराबाद के शेखसराय चौकी प्रभारी रजनीश कुमार वर्मा को मछरेहटा थाना की कमान सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक के इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः Monsoon Health Tips: मानसून में इन आसान आदतों से रहें स्वस्थ, डेंगू-मलेरिया समेत कई बीमारियों से मिलेगा बचाव
