Bareilly : सरकार के विकास गिफ्ट से बरेली मंडल की बदलेगी तस्वीर
863.84 करोड़ की 317 नई परियोजनाओं का कर सकते हैं शिलान्यास, 1,046 करोड़ से पूरे हुए 204 नए विकास कार्यों के लोकार्पण की भी तैयारी
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अाज वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पीडब्ल्यूडी की करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी कर सकते हैं।
बरेली मंडल के चारों जिलों बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत से लोकापर्ण के लिए कुल 317 विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। जिनकी कुल स्वीकृत लागत 863.84 करोड़ रुपये है। इन प्रस्तावों में बरेली जिले में 14 प्रस्तावों के लिए 24,272.54 लाख और शाहजहांपुर जिले में सबसे अधिक 223 प्रस्तावों के लिए कुल 39,500.76 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बदायूं जिले में चार प्रस्तावों के लिए 6,628.12 लाख रुपये और पीलीभीत जिले में 76 विकास कार्यों के लिए 15,983.41 लाख रुपये के प्रस्ताव शामिल हैं। इस बजट से जिलों में सड़कों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और नए संपर्क मार्गों का कायाकल्प कर कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री 1046 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हो चुके 204 विकास कार्यों का शिलान्यास कर सकते हैं। इसमें बरेली जिला सबसे आगे है, जहां 30,580.21 लाख रुपये की लागत से 49 प्रस्ताव, पीलीभीत में 17,490.5 लाख रुपये के 19, बदायूं में 18,521.07 लाख के 26 और शाहजहांपुर में 37,983.34 लाख के 70 नए प्रस्तावों का शिलान्यास का प्रस्ताव है। लोक निर्माण विभाग ने इन सभी विकास परियोजनाओं की सूची को अंतिम रूप देकर शासन को पहले ही भेज दिया था और अब सीएम की हरी झंडी मिलते ही इन कार्यों की शुरुआत हो सकती है। चीफ इंजीनियर कमला शंकर का कहना है कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से पूरे बरेली मंडल में न सिर्फ कनेक्टिविटी का जाल मजबूत होगा, बल्कि लाखों ग्रामीणों का आवागमन भी बेहद सुगम हो जाएगा।
