Aliganj Fire Case: 15 लोगों की मौत का होगा खुलासा, अग्निकांड पर आज आएगी SIT रिपोर्ट, कार्रवाई पर टिकी नजरें

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ के अलीगंज सेक्टर-डी स्थित अवैध व्यावसायिक भवन में हुए भीषण अग्निकांड की जांच पूरी हो चुकी है। एक सप्ताह में तैयार की गई एसआईटी रिपोर्ट मंगलवार को शासन को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों और अन्य दोषियों पर कार्रवाई का फैसला होगा।

लखनऊ, अमृत विचारः अलीगंज सेक्टर-डी स्थित अवैध व्यावसायिक भवन में हुए भीषण अग्निकांड की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है। निर्धारित समयसीमा पूरी होने के बाद यह रिपोर्ट मंगलवार को शासन को सौंपी जाएगी। माना जा रहा है कि रिपोर्ट के आधार पर हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और अन्य संबंधित पक्षों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय होगी।

एक सप्ताह पहले हुआ था दर्दनाक हादसा

पिछले सप्ताह सोमवार को अलीगंज सेक्टर-डी स्थित एक अवैध व्यावसायिक भवन में भीषण आग लग गई थी। आग की चपेट में आने से गेमिंग जोन और अन्य प्रतिष्ठानों में मौजूद 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था।

घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था और एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

भवन स्वामी से लेकर अधिकारियों तक के दर्ज हुए बयान

सूत्रों के अनुसार, एसआईटी ने पिछले सात दिनों के दौरान भवन स्वामी, संबंधित विभागों के अधिकारियों, प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवारों के बयान दर्ज किए। इसके अलावा भवन के नक्शे, निर्माण अनुमति, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और संचालन से जुड़े दस्तावेजों की भी विस्तृत जांच की गई।

सभी तथ्यों और दस्तावेजों का मिलान करने के बाद रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया गया है।

कई विभाग पहले ही भेज चुके हैं अपनी रिपोर्ट

इस मामले में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए), दमकल विभाग, नगर निगम और बिजली विभाग भी अपनी-अपनी जांच रिपोर्ट शासन को भेज चुके हैं।

प्रारंभिक जांच में अवैध निर्माण, अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और विभिन्न विभागों की कथित लापरवाही जैसे बिंदु सामने आए हैं।

रिपोर्ट के बाद तय होगी जवाबदेही

माना जा रहा है कि एसआईटी रिपोर्ट में हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा सकती है। रिपोर्ट शासन को सौंपे जाने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की उम्मीद है।

फिलहाल पूरे मामले में सभी की नजर मंगलवार को शासन के समक्ष पेश होने वाली एसआईटी रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

यह भी पढ़ेंः UPTET Admit Card 2026: आज डाउनलोड करें टीईटी का एडमिट कार्ड, जानें डायरेक्ट प्रोसेस, एग्जाम पैटर्न और पासिंग मार्क्स

संबंधित समाचार