सेशेल्स दौरे पर पीएम मोदी: राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे 'गेस्ट ऑफ ऑनर', बताया क्यों अहम है ये दौरा?

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। यह दौरा 29 जून तक चलेगा। सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर होने वाली इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री देश के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में 'गेस्ट ऑफ ऑनर'*के रूप में शामिल होंगे।

भारत-सेशेल्स संबंधों को नई मजबूती देने पर रहेगा जोर

यात्रा से पहले जारी अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और विश्वसनीय साझेदार है। उन्होंने कहा कि 'विजन महासागर' और 'ग्लोबल साउथ' के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में दोनों देशों की अहम भूमिका है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह दौरा हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि को मजबूत करने में नई दिशा देगा।

50 साल पुराने राजनयिक संबंधों का होगा विशेष जश्न

प्रधानमंत्री ने बताया कि इस वर्ष भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की मित्रता आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के सम्मान और लोगों के बीच मजबूत रिश्तों पर आधारित है।

उन्होंने यह भी कहा कि फरवरी 2026 में राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी की सफल भारत यात्रा के बाद अब दोनों देशों के बीच होने वाली वार्ता से सहयोग के नए अवसर खुलेंगे और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

सेशेल्स की संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे

प्रधानमंत्री मोदी इस यात्रा के दौरान एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी अपने नाम करेंगे। वह सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने इसे दोनों देशों के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं का प्रतीक बताया।

भारतीय समुदाय से भी करेंगे संवाद

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री सेशेल्स में बसे भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि वहां का भारतीय समुदाय कई पीढ़ियों से दोनों देशों के बीच मित्रता और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और दोनों देशों के बीच एक सशक्त सेतु बना हुआ है।

हिंद महासागर में समुद्री सहयोग बढ़ाने पर रहेगा फोकस

प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से चले आ रहे रिश्तों को और गहरा करेगी। उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा और साझा समृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने भी यात्रा को बताया अहम

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि भारत और सेशेल्स के संबंध साझा इतिहास, सांस्कृतिक जुड़ाव और लोगों के बीच मजबूत रिश्तों पर आधारित हैं। मंत्रालय के अनुसार, हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स भारत की 'विजन महासागर' और 'ग्लोबल साउथ' नीति का महत्वपूर्ण साझेदार है।

बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा दोनों देशों की पुरानी मित्रता को और मजबूत करेगी तथा व्यापार, सुरक्षा, विकास और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देगी।

विदेश मंत्रालय ने यह भी याद दिलाया कि अप्रैल में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मॉरीशस में आयोजित 9वें हिंद महासागर सम्मेलन के दौरान सेशेल्स के विदेश मंत्री बैरी फॉरे से मुलाकात की थी। उस दौरान भारत ने सेशेल्स को मौजूदा आर्थिक चुनौतियों से निपटने में हरसंभव सहयोग देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

यह भी पढ़ेंः UNSC में भारत का कड़ा संदेश: बच्चों और स्कूलों पर हमले करने वालों को हर हाल में सजा मिले

संबंधित समाचार