Shivam Dube Record: शिवम दुबे ने रचा इतिहास, T20I में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज बने
लखनऊ/बेलफास्टः भारत के स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे ने आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली। इस मैच के दौरान उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 रन पूरे किए। अपनी पारी का नौवां रन बनाते ही दुबे ने यह खास मुकाम हासिल कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने सबसे कम गेंदों में 1000 टी20I रन पूरे करने के मामले में हार्दिक पांड्या और संजू सैमसन को पीछे छोड़ दिया।
सिर्फ 648 गेंदों में पूरे किए 1000 T20I रन
शिवम दुबे ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 1000 रन 648 गेंदों में पूरे किए। इस उपलब्धि के साथ वह भारत के लिए सबसे कम गेंदों में 1000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले हार्दिक पांड्या और संजू सैमसन ने यह आंकड़ा 679 गेंदों में छुआ था।
भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम है, जिन्होंने यह उपलब्धि 528 गेंदों में हासिल की थी। इस सूची में दूसरे स्थान पर सूर्यकुमार यादव हैं, जिन्होंने 573 गेंदों में 1000 रन पूरे किए थे।
टी20 इंटरनेशनल में शानदार रहा है शिवम दुबे का प्रदर्शन
शिवम दुबे का टी20 इंटरनेशनल करियर लगातार प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 65 मैचों की 49 पारियों में 30.78 की औसत और 154.64 के स्ट्राइक रेट से 1016 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 6 अर्धशतक निकले हैं। इसके अलावा उन्होंने 65 चौके और 65 छक्के भी लगाए हैं। दुबे 2024 और 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे हैं।
पहले टी20 में 14 गेंदों पर खेली 25 रन की तेज पारी
आयरलैंड के खिलाफ 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 90 रन के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में शिवम दुबे बल्लेबाजी के लिए उतरे और अक्षर पटेल के साथ सातवें विकेट के लिए 35 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। हालांकि दोनों खिलाड़ी टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
दुबे ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों में 25 रन बनाए। उनकी पारी में 2 छक्के और 1 चौका शामिल रहा। 16वें ओवर में आयरलैंड के गेंदबाज जय मूंदड़ा ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया।
यह भी पढ़ेंः श्रेयस अय्यर का कप्तानी डेब्यू रहा फीका, आयरलैंड से हार के बाद विराट, गिल और पंत की अनचाही सूची में हुए शामिल
