Bareilly News : करोड़ों के स्काईवॉक से हादसा, रात में नीचे गिरा युवक

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

सोमवार देर शाम की घटना, लोगों की भीड़ से कुछ देर लगा जाम

पुलिस ने जिला अस्पताल में कराया भर्ती, मानसिक विक्षिप्त बताए जा रहे युवक की हालत खतरे से बाहर

बरेली, अमृत विचार। पटेल चौक पर तीन साल से मेहज़ शोपीस बनकर खड़ा स्मार्ट सिटी से 12 करोड़ की लागत से तैयार स्काईवॉक से सोमवार देर शाम बड़ी घटना होते बची। स्काईवॉक से एक मानसिक विक्षिप्त नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोग युवक की मदद करने के बजाय घटना का वीडियो बनाने में जुटे रहे। देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। भीड़ एकत्र होने से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक स्काईवॉक पर मौजूद था, तभी अचानक नीचे गिर पड़ा। उसके गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजकर भर्ती कराया। इंस्पेक्टर कोतवाली राजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है। उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और न ही उसके नाम-पते के संबंध में कोई जानकारी मिल सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है ताकि उसके परिजनों को सूचना दी जा सके। वहीं डॉक्टरों के अनुसार युवक को चोटें आई हैं। उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक दुर्घटनावश गिरा या फिर घटना के पीछे कोई अन्य कारण था।

संबंधित समाचार