Bareilly News : पंडित राधेश्याम की प्रतिमा का मुख्यमंत्री ने किया अनावरण
जीआईसी ऑडिटोरियम का नाम बदलकर रखा गया 'पंडित राधेश्याम स्मृति भवन'
बरेली, अमृत विचार। नाथनगरी बरेली पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रख्यात कथावाचक एवं 'राधेश्याम रामायण' के रचयिता पंडित राधेश्याम की मूर्ति का अनावरण किया। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत निर्मित जीआईसी ऑडिटोरियम का नाम बदलकर 'पंडित राधेश्याम स्मृति भवन' कर दिया गया।

मुख्यमंत्री पुलिस लाइन में लैंडिंग के बाद सीधे जीआईसी ऑडिटोरियम पहुंचे और पंडित राधेश्याम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। जिला प्रशासन ने खड़ी बोली के महान साहित्यकार और लोकनाट्य परंपरा के प्रमुख हस्ताक्षर पंडित राधेश्याम की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से ऑडिटोरियम परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित कराई है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पंडित राधेश्याम के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की। उनकी पौत्री शारदा भार्गव ने इसे परिवार के लिए गौरवपूर्ण पल बताते हुए मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि पंडित राधेश्याम का जन्म 25 नवंबर 1890 को बरेली के बिहारीपुर में हुआ था। 'राधेश्याम रामायण' के माध्यम से उन्होंने भारतीय साहित्य और लोकसंस्कृति को नई पहचान दिलाई।

प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री ने सभागार में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की अवधि करीब 15 मिनट निर्धारित की गई थी, हालांकि कार्यक्रम तय समय से अधिक चला।

इसके बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के नए और पुराने कार्यों की मंडलीय समीक्षा की। उन्होंने विकास परियोजनाओं की प्रगति और कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की।
