NEET के बाद TET का पेपर भी हुआ लीकः परीक्षा स्थगित, 4.28 लाख उम्मीदवार प्रभावित, बड़े सुरक्षा इंतजाम के बावजूद भी लगी सेंध

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के प्रश्नपत्र लीक होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। परीक्षा से लगभग 24 घंटे पहले पेपर लीक की जानकारी सामने आने पर इसे तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया। इस फैसले से करीब 4 लाख अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं।

महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE), पुणे ने परीक्षा को अगली सूचना तक रद्द करने की घोषणा की है। परीक्षा राज्यभर के 1,028 केंद्रों पर आयोजित होनी थी।

NEET विवाद के बाद फिर उठा पेपर लीक का मुद्दा

इस घटना ने देश में पहले से चल रहे NEET पेपर लीक विवाद को और गर्म कर दिया है। विपक्षी दलों ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था पर असफलता का आरोप लगाया है।

राजनीतिक आरोपों की बौछार

शिवसेना (UBT) नेता और विधायक अंबादास दानवे ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार TET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा को सुरक्षित रखने में विफल रही है। NEET और अन्य बड़े एग्जाम्स में भी गड़बड़ियां सामने आ चुकी हैं। यह प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर उदाहरण है

उन्होंने संकेत दिया कि विपक्ष इस मुद्दे को विधानसभा सत्र में मजबूती से उठाएगा।

जांच में तेजी, 3 आरोपी हिरासत में

पुलिस ने भिवंडी और कोनगांव इलाके में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

कड़े सुरक्षा इंतजाम भी नाकाम

इस परीक्षा के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी:

  • 1,729 परीक्षा केंद्र
  • 18,000 AI-सक्षम CCTV कैमरे
  • राज्य व जिला कंट्रोल रूम से लाइव निगरानी
  • बायोमेट्रिक और फेस रिकग्निशन सिस्टम
  • मेटल डिटेक्शन स्कैनिंग
  • इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूर्ण प्रतिबंध
  • पहचान सत्यापन के लिए सरकारी ID अनिवार्य

इसके बावजूद पेपर लीक होना सिस्टम की गंभीर खामी को उजागर करता है।

4 लाख से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित

इस परीक्षा में लगभग 4 लाख उम्मीदवार शामिल होने वाले थे। महाराष्ट्र में शिक्षक बनने और सेवा में बने रहने के लिए TET अनिवार्य योग्यता मानी जाती है।

सुप्रीम कोर्ट का निर्देश और बढ़ता दबाव

सुप्रीम कोर्ट पहले ही आदेश दे चुका है कि कक्षा 1 से 8 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए TET पास करना जरूरी है।

इसके लिए 31 अगस्त 2028 की अंतिम समय सीमा भी दी गई है। इस आदेश का असर 20 लाख से अधिक शिक्षकों पर होगा। समय सीमा के बाद कोई अतिरिक्त छूट नहीं

महाराष्ट्र TET क्या है? 

  • कक्षा 1 से 8 तक शिक्षक पात्रता परीक्षा
  • दो पेपर: प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्तर
  • कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न
  • न्यूनतम उत्तीर्णांक: सामान्य 90, आरक्षित 82.5
  • पास प्रतिशत: केवल 4%–8%
  • केवल पात्रता प्रमाणपत्र मिलता है, नौकरी नहीं
  • आगे नौकरी के लिए TAIT परीक्षा जरूरी

देश में बढ़ते पेपर लीक मामले

हाल के वर्षों में कई बड़ी परीक्षाएं विवाद में रही हैं:

1. NEET-UG (मई 2026)
2. यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती (2024)
3. UPPSC RO/ARO (2024)
4. UGC-NET (2024)
5. उत्तराखंड पटवारी/लेखपाल (2023)
6. BPSC 67वीं परीक्षा (2022)
7. गुजरात जूनियर क्लर्क (2022)
8. राजस्थान REET (2021)
9. UPTET (2021)

सरकार की तैयारी

शिक्षा विभाग अब जुलाई–अगस्त 2026 में विशेष TET परीक्षा आयोजित करने की योजना पर काम कर रहा है, ताकि लंबित भर्ती और पात्रता प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

यह भी पढ़ेंः ISRO ने रचा नया कीर्तिमान: सेमी-क्रायोजेनिक इंजन का हाई थ्रस्ट हॉट टेस्ट सफल, अंतरिक्ष मिशनों को मिलेगी नई ताकत

संबंधित समाचार