नोएडा के 'व्हाइट हाउस' में बिहार ईओयू की रेड, इंजीनियर की काली कमाई रखी थी छिपा?

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

बिहार की आर्थिक अपराध यूनिट ने पटना के भवन निर्माण विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर पवन कुमार के 6 ठिकानों पर छापेमारी की है। राजधानी पटना से लेकर दिल्ली-नोएडा तक उनके ठिकानों पर तलाशी जारी है। भ्रष्टाचार निवारण टीम आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच कर रही है।

अमृत विचार : बिहार की आर्थिक अपराध यूनिट (ईओयू) ने भ्रष्टाचार के आरोपी एक और अधिकारी के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। ईओयू ने बुधवार को पटना के भवन निर्माण विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर पवन कुमार के 6 ठिकानों पर छापेमारी की है। आय से अधिक संपत्ति मामले में इंजीनियर के खिलाफ पटना से लेकर दिल्ली और नोएडा तक छापेमारी का सिलसिला जारी है। एक साथ छह ठिकानों पर कार्रवाई ने बिहार की अफसरशाही में हलचल मचा दी है।  

इंजीनियर पवन कुमार पर आय से अधिक प्रॉपर्टी बनाने का आरोप है। ईओयू के मुताबिक उन्होंने करीब 3.89 करोड़ की प्रॉपर्टी बनाई है। बिहार की आर्थिक अपराध यूनिट ने कहा कि आमदनी की तुलना में इंजीनियर की संपत्ति 104 फीसदी ज्यादा है। भ्रष्टाचार के मामले में घिरे इंजीनियर की पवन के आर्थिक साम्राज्य की बुनियाद टटोलना शुरू हो गया है। 
  
पटना के श्रीकृष्णापुरी के यमुना अपार्टमेंट में इंजीनियर का फ्लैट है। भागलपुर जिले के आनंदगढ़ कॉलोनी स्थित तिलकामांझाी में मकान है। जांच टीम इंजीनियर के पटना ऑफिस-फ्लैट से लेकर भागलपुर मकान तक जांच में जुटी हैं। इंजीनियर ने इतनी प्रॉपर्टी कैसे बनाई? क्या अब तक सामने आई इन प्रॉपर्टीज के अलावा भी उनकी संपत्तियां हैं। आय के दूसरे सोर्स क्या हैं। ऐसे तमाम सवालों के साथ जांच टीम उनकी संपत्ति का ब्यूरो खंगाल रही है।

बिहार आर्थिक अपराध यूनिट की दूसरी टीमें दिल्ली-एनसीआर में डेरा डालें हैं। नोएडा के सेक्टर-75 मैक्सबिल्स व्हाइट हाउस में भी जांच जारी है। यहां इंजीनियर का एक फ्लैट और आवासी ठिकाना हैं। माना जा रहा है कि उन्होंने अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा यहां छिपा रखा है। वहीं, एक टीम दिल्ली के द्वारिका में सेक्टर 10 स्थित फ्लैट पर जांच में लगी है। बहरहाल, सुबह से जांच टीमें उनकी चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा जुटाने में लगी हैं। दिल्ली में नोएडा सेक्टर 75 स्थित फ्लैट, एक आवासीय ठिकाना और नई दिल्ली द्वारका सेक्टर 10 स्थित फ्लैट पर रेड से हलचल है। अधिकारी जांच में जुटी हैं। बाहर पुलिस का पहरा है। 

पटना में दर्ज है एफआइआर 


इंजीनियर पवन कुमार के खिलाफ पटना के ईओयू थाने में एक मुकदमा दर्ज किया गया है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद अब ईओयू ने अपनी जांच शुरू कर ददी है। पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षक ईओयू के नेतृत्व में बुधवार को एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। इसने पटना के साथ राज्य के भ्रष्ट अधिकारियों की बेचैनी बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि अगले दिनों में कुछ और अधिकारियों के विरद्ध भी इसी तरह की छापेमारी सामने आ सकती है। 

संबंधित समाचार