ICAI CA Final Result : सीए फाइनल का परीक्षा परिणाम जारी, पटियाला के नूर सिंगला ने किया टॉप, ऐसे देखें रिजल्ट
नई दिल्ल। चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की अंतिम परीक्षा के गुरुवार को घोषित परिणामों में पटियाला के नूर सिंगला ने 83 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर प्रथम प्राप्त किया है, जबकि हावड़ा के रितिज सर्राफ ने 79 प्रतिशत से अधिक अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा घोषित परिणाम में सिंगला ने कुल 499 (83.17 प्रतिशत) अंक हासिल किए हैं, वहीं दूसरे स्थान पर रहे रितिज सर्राफ ने 475 (79.17 प्रतिशत) अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया है।
मुंबई के डोम्बिवली (पूर्व) के सोहन अनिल मांजरेकर 473 अंक यानी 78.83 प्रतिशत के साथ देश में तीसरा स्थान पर रहे। संस्थान के अनुसार, देश तथा विदेशों में कुल 544 केंद्रों पर आयोजित इस अंतिम परीक्षा में कुल 87,497 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। प्रथम-समूह की परीक्षा के लिए कुल 54,606 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था, जिनमें से 6,555 (12 प्रतिशत) छात्र सफल हुए।
द्वितीय-समूह के लिए परीक्षा में कुल 42,573 छात्र बैठे थे, जिनमें से 8,725 छात्र (20.49 प्रतिशत) सफल हुए। आंकड़ों के अनुसार, इस साल एक साथ दो समूहों के लिए परीक्षा में बैठे छात्र-छात्राओं का सफलता प्रतिशत 14.07 रहा । दोनों समूह की परीक्षा देने वाले कुल 23,776 परीक्षार्थियों में से 3,345 छात्र सफल घोषित किये गये। परीक्षार्थी अपना परिणाम और अंकों का पूरा विवरण संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करके देख सकते हैं।
ICAI CA फाइनल रिजल्ट कैसे चेक करें?
सीए मई फाइनल का रिजल्ट देखने के लिए कैंडिडेट्स नीचे बताए स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं।
- सबसे पहले ICAI की ऑफिशियल वेबसाइट caresults. icai. org पर जाएं।
- Result सेक्शन में आपको ICAI CA May Final Result 2026 Link मिलेगा।
- इसपर क्लिक करने के बाद आपको अपना 6 डिजिट का रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर भरना होगा।
- इसके नीचे कैप्चा कोड भी संबंधित बॉक्स में हूबहू भरकर सबमिट करें।
- आपके सामने स्कोरकार्ड आ जाएगा। अब आप इसका प्रिंट आउट निकाल कर सकते हैं।
रिजल्ट देखने का लिंक - ICAI CA Final Result 2026 Download Link
