Barabanki News : हैदरगढ़ में ओवरटेक के दौरान ट्रक से टकराई बाइक, युवक की मौत
हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार : कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र में गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 8 बजे कनवा गांव निवासी 32 वर्षीय कैलाश पुत्र हरिपाल मोटरसाइकिल से हैदरगढ़ से रायबरेली की ओर जा रहा था। कस्बे के ब्रह्मनान वार्ड स्थित सिनेमा हॉल मोड़ के पास ओवरटेक करने के प्रयास में उसकी बाइक आगे चल रहे वाहन को पार करते समय ट्रक की बॉडी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया। वहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जयशंकर पांडे ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
