धामी कैबिनेट के बड़े फैसले: उत्तराखंड बना पूर्ण साक्षर राज्य, चारधाम यात्रा के घोड़े-खच्चरों के बीमा में देगी 20% प्रीमियम

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

देहरादून, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें चारधाम यात्रा मार्गों पर संचालित घोड़ों-खच्चरों के बीमा प्रीमियम का 20 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार द्वारा वहन करने, उत्तराखंड को 'पूर्ण साक्षर' घोषित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली के आयोजन जैसे फैसले शामिल हैं।

घोड़ा-खच्चर मालिकों को राहत

राज्य के सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि केदारनाथ, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब यात्रा मार्गों पर इस्तेमाल होने वाले घोड़ों-खच्चरों के बीमा प्रीमियम का 20 फीसदी हिस्सा सरकार देगी, जबकि शेष 80 फीसदी राशि पशु मालिकों को वहन करनी होगी। वर्ष 2026 की यात्रा के लिए करीब 15 हजार घोड़े-खच्चरों का पंजीकरण होने का अनुमान है। प्रत्येक पशु की कीमत 70 हजार रुपये आंकी गई है और कुल 5.25 करोड़ रुपये के बीमा प्रीमियम में से 1.05 करोड़ रुपये का भार राज्य सरकार उठाएगी।

उत्तराखंड बना पूर्ण साक्षर राज्य

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के मानकों के अनुरूप मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड को 'पूर्ण साक्षर' घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। राज्य में साक्षरता दर 98 प्रतिशत से अधिक पहुंच चुकी है।

अंतरराष्ट्रीय कार रैली को मंजूरी

पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली के आयोजन के लिए संस्था के चयन को एकल स्रोत के माध्यम से करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। रैली में 120 से अधिक प्रविष्टियों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें 25 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी भी होंगे।

बिटुमेन कार्यों में मूल्य समायोजन

पश्चिम एशिया संकट के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में आई बढ़ोतरी को देखते हुए मंत्रिमंडल ने एक अप्रैल से पहले हुए बिटुमेन कार्यों के अनुबंधों में एक मई से 30 जून तक की अवधि के लिए मूल्य समायोजन को मंजूरी दी है। यह राहत उन परियोजनाओं को मिलेगी, जिनकी समयावधि जारी है और जिनमें बिटुमेन का कार्य अभी शेष है।

किशाऊ परियोजना पर जताया आभार

मंत्रिमंडल ने लंबे समय से लंबित किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना को लेकर संबंधित राज्यों के बीच सहमति बनाने में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया।

खंडूरी और जसपाल राणा को श्रद्धांजलि

बैठक की शुरुआत में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी और प्रख्यात निशानेबाज जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

ये भी पढ़ें:- PM Rashtriya Bal Puraskar 2026: अगर आपके बच्चे में है कोई अनोखा टैलेंट, तो जल्द करें रजिस्ट्रेशन; खुद पीएम मोदी करेंगे सम्मानित

संबंधित समाचार