Indian U-19 team: भारतीय अंडर-19 टीम के उपकप्तान बने हल्द्वानी के लक्ष्य रायचंदानी, श्रीलंका दौरे के लिए टीम में हुआ चयन
शानदार प्रदर्शन के दम पर मिली बड़ी जिम्मेदारी
हल्द्वानी, अमृत विचार: हल्द्वानी के युवा क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी का चयन श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। उन्हें टीम का उपकप्तान भी बनाया गया है। लक्ष्य 25 जून को बेंगलुरु में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में टीम के साथ जुड़ेंगे, जबकि श्रीलंका दौरे के मुकाबले 4 जुलाई से शुरू होंगे। दौरे में भारतीय टीम तीन वनडे और दो चार दिवसीय (टेस्ट) मैच खेलेगी।
लक्ष्य ने अपने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है। वह उत्तराखंड रणजी टीम, इंडिया-ए तथा अफगानिस्तान-भारत बी त्रिकोणीय श्रृंखला का हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा वह 2025-26 चैलेंजर ट्रॉफी में भी खेल चुके हैं। रणजी ट्रॉफी में लक्ष्य ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने त्रिपुरा के खिलाफ 64 रन, क्वार्टर फाइनल में असम के खिलाफ 86 रन और सेमीफाइनल में कर्नाटक के खिलाफ 56 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।
इससे पहले 2023-24 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में लक्ष्य ने पांच मैचों में एक दोहरा शतक, तीन शतक और दो अर्धशतकों की मदद से 833 रन बनाए थे। 138.83 की औसत के साथ वह टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें बीसीसीआई का प्रतिष्ठित नमन अवार्ड भी मिला। वर्ष 2024-25 में अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी में उन्होंने 191 रन बनाए, जबकि कूच बिहार ट्रॉफी में एक शतक और दो अर्धशतकों की मदद से 396 रन बनाए। वहीं 2025-26 वीनू मांकड़ ट्रॉफी में उन्होंने पांच मैचों में 308 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का एक बार फिर परिचय दिया।
लक्ष्य के चयन पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष दीपक मेहरा, जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित हृदयेश, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ अल्मोड़ा के सचिव हर्ष गोयल समेत कई खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
