Rampur : देर रात को झमाझम बारिश से मौसम हुआ खुशगवार

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सुबह से आसमान में छाई है काली घटा, रुक-रुक कर हो रही हल्की बूंदाबांदी

रामपुर, अमृत विचार। देर रात को हुई झमाझम बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। शुक्रवार सुबह से आसमान में काली घटा छाई हुई है और रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी हो रही है। बूंदाबांदी से उमस बढ़ गई और लोग पसीना-पसीना होते रहे। जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। 

मौसम का मिजाज देर रात को बदल गया अचानक काली घटा आई और झमाझम बारिश शुरू हो गई। लोगों ने भीषण गर्मी में बारिश का खूब लुत्फ लिया। बच्चे और बड़े बारिश में नहाए और खूब मस्ती की। 10 मई के बाद से मौसम में बदलाव आया है, लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से कुछ राहत मिली है। बारिश से सड़कों पर जलभराव हुआ और लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी हुई। रात को बारिश होने पर बिजली ठप हो गई। देर रात को विद्युतकर्मियों ने फाल्ट दूर करने के लिए काम किया शहर में तड़के विद्युत व्यवस्था बहाल हुई जिसके बाद लोगों को राहत मिली। मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि मानसून केरलम तक पहुंच चुका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 से 22 जून तक मानसून पहुंचने का अनुमान जता रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. उदय प्रताप शाही ने बताया कि 14 जून तक आंधी-तूफान और बारिश का अनुमान है।

संबंधित समाचार