मदरसा शिक्षा परिषद के पोर्टल पर शुरू हुआ कोर्ट केस मॉड्यूल, लंबित न्यायालयी मामलों की होगी ऑनलाइन निगरानी
शासन स्तर पर मिलेगी अद्यतन जानकारी
लखनऊ, अमृत विचार: अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विभाग ने न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए उप्र. मदरसा शिक्षा परिषद के आधिकारिक पोर्टल पर कोर्ट केस मॉड्यूल शुरू किया है। प्रमुख सचिव अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ संयुक्ता समद्दार ने गुरुवार को ऑनलाइन माध्यम से इसका शुभारंभ किया।
नए मॉड्यूल के जरिए विभाग से संबंधित उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों की अद्यतन जानकारी संबंधित जिलों के जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इससे शासन और निदेशालय स्तर पर प्रदेशभर के न्यायालयी मामलों की नियमित समीक्षा और प्रभावी अनुश्रवण संभव हो सकेगा।
प्रमुख सचिव ने सभी मंडलीय उपनिदेशकों को निर्देश दिए कि वे मॉड्यूल पर दर्ज सूचनाओं की नियमित निगरानी करें। साथ ही एक सप्ताह के भीतर विभाग से संबंधित सभी लंबित और प्रचलित न्यायालयी मामलों का विवरण पोर्टल पर अद्यतन कर शासन को उपलब्ध कराया जाए। निर्देश ये भी दिए कि न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों का समयबद्ध और प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अनावश्यक विवाद और अवमानना जैसी स्थितियों से बचा जा सके।
पीएमजेवीके परियोजनाओं की जियो-टैगिंग के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की जियो-टैगिंग प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की प्रभावी निगरानी की जा सके।
