Shahjahanpur News : शाहजहांपुर में बिना अनुमति प्रदर्शन, कृष्णा एकेडमी के अध्यक्ष को थाने ले गयी पुलिस
डीएम को बुलाने की जिद पकड़कर धरने पर बैठ गए थे युवा, पुलिस ने समझाकर शांत कराया
पेपर लीक और स्थानीय मुद्दों को लेकर कृष्णा एकेडमी के अध्यक्ष के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन हुआ। यह रैली मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट के लिए निकली थी। पुलिस ने रोका तो वे बिफर गए। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि बिना अनुमति लेकर प्रदर्शन किया गया था।
अमृत विचार : शाहजहांपुर में पेपर लीक के मुद्दे पर अनुमति लिए बिना प्रदर्शन करना भारी भड़ गया। पुलिस ने प्रदर्शन की अगुवाई करने वाले कृष्णा एकेडमी शिक्षा समिति के अध्यक्ष परविंदर कृष्ण और उनके साथी वैभव को हिरासत में लिया है। थाने ले जाकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
शाहजहांपुर में निषेधाज्ञा लागू है। इस बीच कृष्णा एकेडमी शिक्षा समिति के अध्यक्ष परविंदर कृष्ण ने पेपर लीक और कुछ स्थानीय मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। हथौड़ा से शुरू होकर ये विरोध मार्च खिरनीबाग चौराहा पहुंचा। आक्रोशित युवाओं ने जमकर नारेबाजी की। यहां से प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट की तरफ बढ़े। इस बीस पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन वे अड़ गए।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं की पुलिस के साथ नोकझोंक भी हो गई। इसके बाद वे वहीं धरने पर बैठ गए और डीएम को बुलाने की जिद पकड़ ली। हालात को देखते हुए यहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
आखिर में अधिकारियों ने किसी तरह प्रदर्शनकारियों को शांत किया। विरोध मार्च खत्म होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने मामले की जांच की, तो पता चला कि ये प्रदर्शन बिना अनुमति लिए किया गया था।
आधीरात एकेडमी पर पहुंची पुलिस
इसी क्रम में पुलिस रात को रोजा स्थित कृष्णा एकेडमी शिक्षा समिति के कार्यालय पर पहुंची। बताते हैं कि इस दौरान यहां कई संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे। पुलिस ने कृष्णा एकेडमी के अध्यक्ष से प्रदर्शन के संबंध में पूछताछ के लिए थाने चलने को कहा। उनके इनकार करने पर यहां गहमागहमी की स्थित बन गई।
करीब डेढ़ घंटे तक यहां नाटकीय घटनाक्रम चलता रहा। इसके बाद पुलिस परविंदर कृष्ण और उनके साथ वैभव को रोजा थाने ले गई। बताते हैं कि यहां उनसे प्रदर्शन के संबंध में पूछताछ की गई।
रोजा थाना प्रभारी उमेश मिश्रा के मुताबिक, अनुमति लिए बगैर विरोध मार्च निकाला गया था। इस संबंध में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
